पटना में 209 रुपये सस्ता हुआ 19 KG का कॉमर्शियल सिलेंडर; घरेलू उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत
पटना में 1 अगस्त 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 209 रुपये की कटौती की गई है, जिससे यह अब 3032.50 रुपये में मिलेगा। हालांकि, ...और पढ़ें

पटना में सस्ता हुआ कॉमर्शियल सिलेंडर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पटना में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर 209 रुपये सस्ता।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं।
व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिली आर्थिक राहत, लागत घटेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। महीने के पहले दिन आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर आई है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने एक अगस्त 2026 से एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें लागू कर दी हैं। पटना में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 209 रुपये की बड़ी कटौती की गई है।
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार राहत नहीं मिली है, क्योंकि 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दर लागू होने के बाद पटना में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 3032.50 रुपये में उपलब्ध होगा। कीमत में आई इस कमी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग व्यवसाय आदि की लागत कम होने की उम्मीद है।
हर महीने बड़ी संख्या में कमर्शियल सिलेंडर की खपत करने वाले कारोबारियों को इससे सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कीमतें यथावत
ज्योति कलश गैस एजेंसी की ओर से जारी नई मूल्य सूची के अनुसार 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर पहले की तरह 1040 रुपये में ही मिलेगा।
इसके अलावा पांच किलो का घरेलू सिलेंडर 386 रुपये तथा 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर 750 रुपये में उपलब्ध रहेगा। यानी घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल किसी प्रकार का मूल्य परिवर्तन नहीं किया गया है।
अन्य कमर्शियल सिलेंडरों की नई दरें
नई मूल्य सूची में अन्य श्रेणी के सिलेंडरों की कीमतें भी जारी की गई हैं। इसके अनुसार
- पांच किलो एफटीएल सिलेंडर (रिफिल) : 840.50 रुपये
- दो किलो एफटीएल पीओएस सिलेंडर (रिफिल) : 351 रुपये
- 47.5 किलो कमर्शियल सिलेंडर : 7574.50 रुपये
- 19 किलो एक्स्ट्राटेज सिलेंडर : 3055 रुपये
एक अगस्त से लागू हुई नई कीमतें
आईओसीएल की ओर से जारी संशोधित दरें एक अगस्त 2026 से प्रभावी हो गई हैं। हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं।
इस बार कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की गई है, जबकि घरेलू रसोई गैस की कीमतों को यथावत रखा गया है। ऐसे में व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को अगले मूल्य संशोधन का इंतजार रहेगा।