पटना की पहली हेलीकॉप्टर जाय राइड बनी यादगार, लोग बोले- ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में 'पटना दर्शन' हेली सेवा का उद्घाटन किया, जिससे पर्यटक 2100 रुपये में राजधानी के दर्शनीय स्थलों का हवाई नजारा देख स ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'पटना दर्शन' हेली सेवा का उद्घाटन किया।
2100 रुपये में पटना के दर्शनीय स्थलों का हवाई नजारा।
जल्द नालंदा और कैमूर के लिए भी हेली सेवा शुरू होगी।
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के तहत शनिवार से शुरू हुई हेलीकॉप्टर जाय राइड ने यात्रियों को रोमांच से भर दिया। पहली उड़ान पूरी कर लौटे यात्रियों ने कहा कि 1200 फीट की ऊंचाई से राजधानी को देखना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा।
गंगा, मरीन ड्राइव और डबल डेकर पुल ने मोहा मन
पहली जाय राइड में पांच यात्रियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने पहले ही टिकट बुक करा ली थी। हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही गंगा नदी, मरीन ड्राइव, अशोक राजपथ का डबल डेकर पुल, बिहार म्यूजियम, पटना जू, बेली रोड और शहर की हरियाली का विहंगम दृश्य यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बना।
हेलीकॉप्टर की उड़ान ने बढ़ाया रोमांच
यात्रियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर का धीरे-धीरे ऊंचाई पर पहुंचना और हवा में दिशा बदलना सफर का सबसे रोमांचक पल था। कुछ मिनटों की यह यात्रा उनके लिए हमेशा यादगार रहने वाली बन गई।
हवाई सफर के साथ मिला शानदार आतिथ्य
जाय राइड के दौरान यात्रियों के लिए कोल्ड ड्रिंक, कॉफी, कुकीज, चॉकलेट और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। यात्रियों का कहना था कि आसमान की सैर के साथ इन सुविधाओं ने पूरे अनुभव को और भी खास बना दिया।
खबरें और भी
पटना समेत चार पर्यटन स्थलों के लिए शुरू हुई सेवा
पर्यटन विभाग ने पटना के अलावा राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए भी हेली टूरिज्म सेवा शुरू की है।
पटना जाय राइड का किराया 2,100 रुपये, राजगीर के लिए 4,000 रुपये, वाल्मीकिनगर के लिए 5,000 रुपये और कैमूर के लिए 6,000 रुपये निर्धारित किया गया है। टिकट पर्यटन विभाग की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं।
पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि हेली टूरिज्म सेवा का उद्देश्य बिहार के पर्यटन को नई पहचान देना है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही नालंदा और कैमूर के लिए भी नियमित हेली सेवा शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
यात्रियों ने साझा किए यादगार अनुभव
यात्रियों ने कहा कि गंगा, गांधी मैदान, गोलघर, डबल डेकर पुल और पूरे पटना का एरियल व्यू देखकर वे रोमांचित हो गए।
उनका कहना था कि हर व्यक्ति को कम से कम एक बार अपने शहर को आसमान से देखने का अनुभव जरूर लेना चाहिए।
यह भी पढ़ें- 2100 रुपये में आसमान से देखें पटना: CM सम्राट चौधरी आज करेंगे पटना जॉय राइड का शुभारंभ