Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना में फर्जी पुलिस बनकर आए, सैल्यूट मारा और 28 KG चांदी लेकर हुए फुर्र; FIR दर्ज

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 06:02 AM (IST)

    पटना में फर्जी पुलिसकर्मियों ने कोलकाता के ज्वेलर्स स्टाफ से 28 किलोग्राम चांदी के जेवरात ठग लिए। ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)

    HighLights

    1. फर्जी पुलिसकर्मियों ने कोलकाता के ज्वेलर्स स्टाफ को ठगा।

    2. पटना में 28 किलोग्राम चांदी के जेवरात लूटे गए।

    3. चित्रगुप्त नगर थाने में मामला दर्ज, जांच जारी है।

    जागरण संवाददाता, पटना। चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने कोलकाता की एक नामी ज्वेलरी दुकान के कर्मचारियों से 28 किलोग्राम चांदी के जेवरात ठग लिए।

    पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उपेंद्र कुमार और रोहित सिंह कोलकाता के आवेद खान की दुकान खान ज्वेलर्स में काम करते हैं।

    दोनों कर्मचारी चांदी के जेवरात लेकर कोलकाता से बस द्वारा पटना पहुंचे थे। वे रात के करीब आठ बजे बैरिया बस स्टैंड पर उतरे।

    वहां से उन्हें बाकरगंज स्थित श्री ज्वेलर्स जाना था। इसके लिए दोनों ने एक ऑटो रिजर्व किया और बाकरगंज के लिए रवाना हो गए। ऑटो जैसे ही कांटी फैक्ट्री रोड के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां आ धमके।

    दोनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ऑटो को रुकवा लिया और स्टाफ से पूछताछ करने लगे। इसी बीच पीछे से एक और युवक वहां पहुंचा, जिसने आते ही उन दोनों कथित पुलिसकर्मियों को बाकायदा सैल्यूट किया। इस नाटकीय घटनाक्रम के कारण पीड़ित कर्मचारियों को उन पर शक नहीं हुआ और वे उन्हें सचमुच का पुलिस अधिकारी समझ बैठे।

    जांच का हवाला देकर बैग लिया और हो गए फरार

    नकली पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा और जांच का हवाला देते हुए उपेंद्र कुमार के पास मौजूद 28 किलोग्राम चांदी से भरा पिट्ठू बैग अपने कब्जे में ले लिया।

    इसके बाद उन्होंने दोनों स्टाफ से कहा कि वे पीछे-पीछे थाने पहुंचें। उपेंद्र और रोहित जब तक उनकी इस चाल को समझ पाते और कुछ प्रतिक्रिया दे पाते, तब तक तीनों संदिग्ध बदमाश बाइक पर सवार होकर 28 किलो चांदी समेत मौके से फरार हो गए।

    उपेंद्र के बैग में 28 किलो चांदी थी, जबकि उनके साथी रोहित के पास 33 किलो चांदी के जेवरात सुरक्षित बच गए।

    चित्रगुप्त नगर थाने में मामला दर्ज

    ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने तुरंत स्थानीय चित्रगुप्त नगर थाने से संपर्क किया। उपेंद्र कुमार के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

    पुलिस प्रशासन का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।

    पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस पूरे मामले का उद्भेदन जल्द ही कर लिया जाएगा और आरोपित सलाखों के पीछे होंगे।

    यह भी पढ़ें- कटिहार में खूनी वारदात: 2 बार भाग चुके थे प्रेमी जोड़े, फिर बात बढ़ी तो युवती के पिता की पीट-पीटकर हत्या

    खबरें और भी