Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटनावासियों के लिए खुशखबरी! अब मलाही पकड़ी तक दौड़ने लगी मेट्रो, CM सम्राट और दोनों डिप्टी सीएम ने क‍िया सफर

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 12:35 PM (GMT+05:30)

    पटना मेट्रो का दायरा मलाही पकड़ी तक बढ़ गया है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। अब न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक पांच स्टेशनों के बी ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी स्टेशन का उद्घाटन किया।

    2. न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू।

    3. अधिकतम किराया 30 रुपये, राजेंद्र नगर को मिलेगी राहत।

    जागरण संवाददाता, पटना। पटना मेट्रो का दायरा गुरुवार को और बढ़ा। मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी मेट्रो स्‍टेशन का उद्घाटन किया। 

    इसके बाद सीएम के साथ दोनों डिप्‍टी सीएम व‍िजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत अन्‍य ने  मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्‍टेशन तक मेट्रो का सफर किया।

    उनके साथ मंत्री नीतीश मिश्रा, जदयू नेता संजय सिंह, मुख्‍य सचिव प्रत्‍यय अमृत समेत अन्‍य अधिकारी भी थे। सभी आमने-सामने की सीट पर बैठे। 

    Patna Metro 2

    मेट्रो में बैठे नेताओं में बातचीत के बीच लगते रहे ठहाके  

    इस दौरान नेताओं के बीच बातचीत होती रही। कई बार ठहाके भी लगे। मेट्रो के अधिकारियों ने सीएम और डिप्‍टी सीएम को जरूरी जानकारी दी।

    अब न्‍यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक पांच स्‍टेशनों के बीच मेट्रो की सुविधा पटनावासियों को मिल गई है।  इस खंड में न्यू आइएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन शामिल हैं।

    हालांकि, खेमनीचक स्टेशन पर निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इसलिए मेट्रो ट्रेन इस स्टेशन से होकर तो गुजरेगी, लेकिन फिलहाल यहां ठहरेगी नहीं। स्टेशन पूरी तरह तैयार होने के बाद यात्रियों के लिए इसे खोल दिया जाएगा।

    Patna Metro 3

    30 रुपये होगा अधिकतम क‍िराया 

    मलाही पकड़ी तक मेट्रो का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं न्यू आइएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन तक किराया 15 रुपये रहेगा।

    वर्तमान में मेट्रो सेवा न्यू आइएसबीटी और भूतनाथ स्टेशन के बीच संचालित हो रही है। अभी सिंगल ट्रैक पर परिचालन होने के कारण ट्रेन के आने-जाने की व्यवस्था एक ही ट्रैक से की जा रही है।

    फिलहाल मेट्रो का संचालन वाकी-टाकी आधारित संचार प्रणाली के माध्यम से ही जारी रहेगा। मेट्रो की अधिकतम परिचालन गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

    मलाही पकड़ी तक सेवा शुरू होने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बैरिया बाइपास और बस स्टैंड की ओर जाने वाले यात्रियों को जाम से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

    बैरिया बस स्टैंड से राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर मेट्रो टनल से जोड़ने के लिए स्लैब निर्माण का कार्य चल रहा है।  

    यह भी पढ़ें- पटना में 5 स्टेशनों के बीच 2 जुलाई से दौड़ेगी मेट्रो, 30 रुपये होगा अधिकतम किराया; रूट तय