राजभवन मोड़ से जू गेट तक एक लेन बंद, पटना मेट्रो काम के कारण नेहरू पथ पर बदला ट्रैफिक प्लान
पटना में मेट्रो निर्माण के कारण नेहरू पथ पर नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ...और पढ़ें

नेहरू पथ स्थित राजवंशी नगर में मेट्रो निर्माण कार्य के कारण रूट डायवर्जन लागू किया गया। (जागरण)
HighLights
मेट्रो निर्माण के कारण नेहरू पथ पर नया ट्रैफिक प्लान लागू।
राजभवन मोड़ से चिड़ियाघर गेट एक तक की लेन बंद।
कमर्शियल वाहनों को पुनाईचक रोड से डायवर्ट किया गया।
जागरण संवाददाता, पटना। आयकर गोलंबर के समीप, विकास भवन और चिड़ियाघर गेट नंबर एक के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य के दौरान नेहरू पथ पर वाहनों के परिचालन को लेकर तैयार किया गया ट्रैफिक प्लान गुरुवार को लागू कर दिया गया।
राजभवन मोड़ से चिड़ियाघर गेट एक तक की लेन को बंद कर दिया गया है। मेट्रो निर्माण के लिए उपयोग होने वाली जगह को छोड़कर शेष स्थान में दो लेन बनाई गई।
इस बीच, आयकर गोलंबर से सगुना की तरफ जाने वाले वाहन जैसे ही राजभवन मोड़ तक आएंगे सगुना की तरफ से आयकर गोलंबर की तरफ आनी वाली दूसरे लेन में डायवर्ट कर दिया जाएगा।
करीब डेढ़ सौ मीटर दूर चिड़ियाघर गेट के पास वाहन फिर से मुख्य लेन में चलेगी। इसी तरह, सगुना से आयकर गोलंबर की तरफ आने वाले वाहनों को पंचमुखी हनुमान मंदिर के बगल से डायवर्ट कर वापस नेहरू पथ में भेजा जा रहा है।
ऑटो, ई-रिक्शा सहित अन्य कमर्शियल वाहनों को पुनाईचक रोड से डायवर्ट कर वापस नेहरू पथ में भेजा जाएगा। हालांकि, गुरुवार शाम के समय वाहनों का दबाव बढ़ते ही कमर्शियल वाहन भी बनाई गई एक ही लेन से गुजरने लगे।
यातायात एसपी सागर कुमार ने बताया कि अभी कुछ दूरी तक ही डायवर्जन किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पटना मेट्रो ने जगह-जगह 15 ट्रैफिक मार्शल तैनात किए हैं और यातायात पुलिस की भी तैनाती की गई है।
पंचमुखी मंदिर के पास से कमर्शियल वाहन डायवर्ट
राजभवन से चिड़ियाघर तक वाहनों को सगुना की तरफ से आयकर गोलंबर की तरफ आने वाली लेन में ही दो लेन बनाकर निकाला जाएगा।
शाम करीब चार बजे सगुना से पंचमुखी हनुमान मंदिर तक पहुंचने वाले आटो, ई-रिक्शा और अन्य कमर्शियल वाहनों को पुनाईचक मोड़ से डायल 112 के दफ्तर के बगल से गुजरने वाले मार्ग में डायवर्ट कर दिया गया, जो ऑफिसर कॉलोनी होते हुए वापस अटल पथ या नेहरू पथ की तरफ जा रहे थे।
खबरें और भी
वहीं, निजी वाहनों को मंदिर के बगल से बने सर्विस लेन होते हुए वापस मुख्य लेन में भेजा जा रहा था। कमर्शियल वाहन मुख्य मार्ग में न आ सकें, इसके लिए मंदिर के पास यातायात पुलिस को तैनात किया गया था।
मुहाने पर वाहनों का दबाव, गलियों में लगी कतार
शाम सात बजे डायवर्जन का असर दिखा। वाहनों का दबाव इस कदर बढ़ गया कि सगुना की तरफ से आने वाले कमर्शियल वाहन भी पुनाईचक की तरफ न जाकर नेहरू पथ से ही इनकम टैक्स की तरफ बढ़ने लगे।
राजभवन मुहाने के पास वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी तरह, पुनाईचक की गली और अटल पथ (पुनाईचक) के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ट्रायल में कई और जगहों पर हो सकता है डायवर्जन
यातायात पुलिस ने कुछ दिन पूर्व बैठक कर अन्य जगहों पर भी डायवर्जन का प्लान तैयार किया है, जिस पर वरीय अधिकारियों के आदेश का इंतजार है।
इसमें आयकर गोलंबर से चलने वाले कमर्शियल वाहनों को वीरचंद पटेल पथ होते हुए आर-ब्लाक गोलंबर और मंदिरी नाला रोड से बांसघाट, पटना-दीघा मार्ग की ओर भेजा जाना शामिल है।
सगुना मोड़ से आने वाले कमर्शियल या निजी वाहन अपनी जरूरत के अनुसार दीघा-आशियाना रोड से जा सकेंगे। इसके अलावा कमर्शियल वाहनों का डुमरा चौकी से एयरपोर्ट, पटेल गोलंबर, अटल पथ, आर-ब्लाक चौराहा और जीपीओ गोलंबर स्थित मल्टी-मॉडल हब तक डायवर्जन किया जा सकता है।