पटना से भोपाल की यात्रा अब सिर्फ 2.5 घंटे में, एलायंस एयर की डायरेक्ट फ्लाइट 10 अगस्त से शुरू
पटना से भोपाल के लिए 10 अगस्त से एलायंस एयर की सीधी विमान सेवा शुरू होगी, जिससे यात्रा का समय घटकर ढाई घंटे हो जाएगा। ...और पढ़ें

एलायंस एयर। (फाइल फोटो)
HighLights
पटना से भोपाल सीधी उड़ान 10 अगस्त से शुरू होगी।
एलाइंस एयर द्वारा संचालित, यात्रा अवधि ढाई घंटे होगी।
शुरुआती किराया 4,600 रुपये, बुकिंग शुरू हो चुकी है।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी पटना से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बीच 10 अगस्त से सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है।
इस नई उड़ान के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और समय की बचत वाली होगी। अब यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों में विमान बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नई सेवा का संचालन एलायंस एयर करेगी। एयरलाइन के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और रविवार को संचालित होगी।
विमान पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 1:40 बजे उड़ान भरकर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेगा।
वापसी में भी इसी दिन विमान भोपाल से पटना आएगा, जिससे दोनों शहरों के यात्रियों को सीधा आवागमन का विकल्प मिलेगा। पटना से भोपाल की यात्रा 2 घंटे 30 मिनट की होगी।
एयरलाइन ने शुरुआती चरण में पटना से भोपाल का किराया 4,600 रुपये से निर्धारित किया है। बुकिंग शुरू कर दी गई है और यात्री एयरलाइन की वेबसाइट, ट्रैवल एजेंसियों तथा ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।
यात्रियों को मिलेगी राहत
इस नई उड़ान का लाभ विशेष रूप से मध्य प्रदेश में नौकरी, शिक्षा, व्यवसाय और चिकित्सा कार्यों से जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। इसके अलावा भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए भी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
पटना एयरपोर्ट से लगातार नए शहरों के लिए सीधी उड़ानों का विस्तार किया जा रहा है। हाल के महीनों में विभिन्न एयरलाइनों ने कई नए रूट शुरू किए हैं, जिससे पटना की देश के प्रमुख शहरों से हवाई कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
भोपाल के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी और दोनों राज्यों के बीच पर्यटन, व्यापार एवं सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- रांची में मौसम का असर, कई उड़ानें प्रभावित; दो घंटे देर से पहुंची भुवनेश्वर की फ्लाइट