पटना को बड़ी सौगात: डबल डेकर फ्लाईओवर से सीधे PMCH पहुंचेंगे मरीज, रैंप का काम पूरा
पटना के अशोक राजपथ पर पीएमसीएच को डबल डेकर फ्लाईओवर से जोड़ने वाला रैंप बनकर तैयार है, हालांकि इसे अभी मल्टी-लेवल पार्किंग के पूरा होने का इंतजार है। ...और पढ़ें

अशोक राजपथ डबल डेकर से पीएमसीएच में जाने वाली सड़क। (जागरण)
HighLights
पीएमसीएच को डबल डेकर फ्लाईओवर से जोड़ने वाला रैंप तैयार।
रैंप का उपयोग मल्टी-लेवल पार्किंग बनने पर होगा शुरू।
यह मरीजों और एंबुलेंस के लिए अस्पताल पहुंच आसान बनाएगा।
जागरण संवाददाता, पटना। अशोक राजपथ पर बने प्रदेश के पहले डबल डेकर एलिवेटेड फ्लाईओवर से पीएमसीएच को जोड़ने वाले रैंप का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
हालांकि, वर्तमान में इस रैंप को ईंटों से बंद कर आमजन का आवागमन रोका गया है। यह रैंप शुरू होने के बाद मरीजों खासकर एंबुलेस के लिए पीएमसीएच तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
फ्लाईओवर संपर्क पथ को शुरू करने के लिए पीएमसीएच में बनने वाली तीन मल्टी लेवल पार्किंग तैयार होने का इंतजार किया जा रहा है।
निर्माण एजेंसी बीएमएसआईसीएल के सूत्रों के अनुसार सेंट्रल यूटिलिटी ब्लॉक के बगल में बनने वाली 80 वाहनों की पार्किंग सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
वहीं, 700 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। फ्लाईओवर को तीनों पार्किंग से सीधे जोड़ा जाएगा।
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि रैंप को रोगियों व एंबुलेंस के लिए कबतक शुरू किया जाएगा, इसकी कोई अधिकारिक जानकारी उन्हें अबतक नहीं है।
फ्लाईओवर से सीधे अस्पताल तक पहुंचेंगे वाहन
योजना के अनुसार यह रैंप फ्लाईओवर से आने वाले वाहनों को सीधे पीएमसीएच की मल्टी लेवल कार पार्किंग में उतारेगा। इससे गांधी मैदान और पटना सिटी की ओर से आने वाले वाहन अशोक राजपथ के जाम से बचते हुए सीधे अस्पताल परिसर तक पहुंच सकेंगे।
निर्माणाधीन रैंप की फ्लाईओवर से पार्किंग तक की दूरी लगभग 75 से 100 मीटर रखी गई है। यह सुविधा विशेष रूप से आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस सेवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
ऊपरी तल गांधी से जाने तो निचला आने के लिए होगा इस्तेमाल
कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक बना यह डबल डेकर फ्लाईओवर लगभग 422 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसमें ऊपरी तल गांधी मैदान से साइंस कॉलेज की ओर जाने के लिए और निचला तल पटना कॉलेज से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहनों के लिए बनाया गया है।
फ्लाईओवर के दोनों स्तरों पर संपर्क पथों का निर्माण भी पूरा हो चुका है। पहले तल पर दो और दूसरे तल पर तीन संपर्क मार्ग बनाए गए हैं।
जनवरी माह में तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने मार्च तक पीएमसीएच को फ्लाईओवर से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया था।
पीएमसीएच में बन रही तीन मल्टी-लेवल कार पार्किंग से अस्पताल के विभिन्न हिस्सों को सीधे फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा। इससे दोनों दिशाओं से आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी और अस्पताल परिसर में ट्रैफिक दबाव कम होगा।
इसके बाद पीएमसीएच तक पहुंच व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी और मरीजों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
मरीजों को होंगे ये फायदे
- मरीजों व एंबुलेंस को अशोक राजपथ के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
- फ्लाईओवर से सीधे पीएमसीएच की पार्किंग तक पहुंच संभव होगी।
- गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने की संभावना बढ़ेगी।
- गांधी मैदान व पटना सिटी की ओर से आने वाले मरीजों का सफर छोटा होगा।
- अस्पताल परिसर में वाहनों की भीड़ और अव्यवस्था कम होगी।
- एंबुलेंस व अन्य आपात वाहनों की आवाजाही बिना रुकावट तेजी से होगी।
- बुजुर्ग, गंभीर और आपात मरीजों के लिए अस्पताल पहुंचना आसान होगा।
यह भी पढ़ें- बिहार में बनेगी फिजिक्स यूनिवर्सिटी, देशभर के छात्र ले सकेंगे एडमिशन; CM सम्राट ने साइंस कॉलेज में की घोषणा