Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Instagram कॉल, घर पर हमला और रंगदारी…; पटना पुलिस ने 24 घंटे में 2 अपराध‍ियों को दबोचा

    Updated: Sun, 24 May 2026 03:00 PM (IST)

    पटना पुलिस ने बिहटा में एक महिला से 7 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और हथियार से धमकाने वाले गिरोह का 24 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने दो अपराधियों को ...और पढ़ें

    गिरफ्तार अपराधी और जानकारी देते सिटी एसपी भानु प्रताप सिंंह। जागरण

    गिरफ्तार अपराधी और जानकारी देते सिटी एसपी भानु प्रताप सिंंह। जागरण

    HighLights

    1. बिहटा में महिला से 7 लाख की रंगदारी मांगी गई।

    2. पुलिस ने 24 घंटे में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया।

    3. देशी कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद हुई।

    संवाद सूत्र, बिहटा (पटना)। पटना के बिहटा में एक महिला से सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने और घर पर चढ़कर हथियार के बल पर धमकाने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।

    त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अपराधियों को देशी कट्टा, आठ कारतूस और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश में छापेमारी जारी है।

    गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आईआईटी थाना क्षेत्र के दरियापुर निवासी सचिन कुमार और नौबतपुर निवासी आदित्य कुमार के रूप में हुई है।

    कट्टा, कारतूस बरामद 

    दोनों के पास से एक देशी कट्टा, आठ कारतूस और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शोभा देवी ने शनिवार को बिहटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

    शिकायत में कहा गया कि शुक्रवार शाम इंस्टाग्राम कॉल के जरिए आदित्य कुमार ने कई बार फोन कर सात लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

    आरोप है कि अगले दिन आदित्य कुमार अपने दो साथियों दया दुबे और सचिन कुमार के साथ बाइक से पीड़िता के घर पहुंचा। वहां हथियार लहराते हुए दोबारा रंगदारी की मांग की गई।

    हथ‍ियार लेकर दी धमकी 

    बदमाशों ने परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की, लेकिन शोर सुनकर ग्रामीण जुटने लगे तो तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते वे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे गए।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।

    पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर रविवार को आदित्य कुमार और सचिन कुमार को दबोच लिया।

    पुलिस अब फरार आरोपी दया दुबे की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सोशल मीडिया के जरिए अपराधियों द्वारा संपर्क साधकर रंगदारी मांगने के एंगल की भी जांच कर रही है।

    सिटी एसपी ने यह भी बताया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ तस्वीरें भी साझा की थीं।

    पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर उन्हें पकड़ा। गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधी दया दुबे के गैंग से जुड़े हुए हैं।

    उन्होंने आश्वासन दिया कि इस गैंग में शामिल अन्य सदस्यों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

    यह भी पढ़ें- पटना में भारत सरकार लिखी कार में युवक को मारी गोली; मेन रोड छोड़ ग्रामीण पथ पर गई गाड़ी में वारदात