पटना में सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा, बस चालक और 500 अज्ञात पर केस, 20 लोग हिरासत में
पटना के छोटी पहाड़ी में सड़क दुर्घटना के बाद हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने छापेमारी कर 20 लोगों को हिरासत में लि ...और पढ़ें

राहगीरों पर बरपा भीड़ का कहर
HighLights
सड़क दुर्घटना के बाद हुई हिंसा में दो एफआईआर दर्ज।
20 लोग हिरासत में, 500 अज्ञात पर मामला दर्ज।
उपद्रव, आगजनी, लूटपाट, छह घंटे तक भीषण जाम।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना के छोटी पहाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क दुर्घटना के बाद भड़की हिंसा और उपद्रव के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहला मामला बाइपास ट्रैफिक थाने में मृतक के पिता के बयान पर आरोपित बस चालक के खिलाफ दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरा मामला अगमकुआं थाने में उपद्रव, आगजनी, सड़क जाम, मारपीट और राहगीरों से लूटपाट के आरोप में 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ है।
पुलिस ने नौ थानों की टीम के साथ तीन गांवों में छापेमारी कर 20 लोगों को हिरासत में लिया है।
राहगीरों पर बरपा भीड़ का कहर
हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने रास्ते से गुजर रहे आम नागरिकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। हिंसा में आधा दर्जन से अधिक राहगीर घायल हो गए।
आक्रोशित लोगों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों से मारपीट कर एक महिला का पैर तोड़ दिया। स्कूल से बच्चों को लेकर लौट रहे अभिभावक भी भीड़ की हिंसा का शिकार बने। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि लोग अपने वाहन छोड़कर जान बचाकर भागने लगे।
मोबाइल और वाहनों में की तोड़फोड़
उग्र भीड़ ने 50 से अधिक लोगों के मोबाइल फोन तोड़ दिए। कई ट्रकों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए और दर्जनों बाइक क्षतिग्रस्त कर दी गईं।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
छह घंटे तक ठप रहा यातायात, डायवर्जन से मिली राहत
बवाल के कारण राजधानी और उससे जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर करीब छह घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। पटना-बख्तियारपुर, गया-डोभी, हाजीपुर-पटना और बेऊर तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं।
जाम में मरीजों को ले जा रहीं एंबुलेंस, प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां और स्कूली बसें भी फंसी रहीं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बाइपास के विभिन्न चेकपोस्टों पर अतिरिक्त बल तैनात किया।
सीसीटीवी फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान
बेऊर मोड़ से वाहनों का रूट डायवर्ट कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका। घटना की जांच को लेकर पूर्वी एसपी शैलजा ने बताया कि उपद्रवियों ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था, लेकिन पुलिस ने डीवीआर सुरक्षित कब्जे में ले लिया है।
खबरें और भी
फुटेज से उपद्रवियों के चेहरे निकालकर उनकी पहचान की जा रही है। इसके अलावा पुलिस की सोशल मीडिया सेल इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो के जरिए भी हुड़दंगियों की पहचान कर रही है।
यह भी पढ़ें- पटना में NH-30 पर हादसे के बाद हिंसा: युवक की मौत से भड़की भीड़ ने बस, पुलिस की 2 गाड़ियों समेत कई वाहनों को फूंका
यह भी पढ़ें- बस में बच्चे हैं, हमें छोड़ दो... अचानक घिर गए 58 यात्री, बाहर भीड़ और अंदर दहशत; फिर धू-धू कर जली बस