पटना की ये 13 सड़कें 1 महीने के भीतर होंगी टनाटन, मरम्मत में 9.70 करोड़ रुपये होंगे खर्च
पटना जिले की 13 सड़कों की मरम्मत का कार्य 9.70 करोड़ रुपये की लागत से 30 दिनों में पूरा किया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और पथ निर् ...और पढ़ें

पटना की 13 सड़कों पर जल्द होगा काम। फाइल फोटो
HighLights
पटना की 13 सड़कों की होगी मरम्मत।
9.70 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया।
30 दिनों में कार्य पूरा करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के पटना जिले की 13 सड़कों की मरम्मत का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इन कार्यों पर 9.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पथ निर्माण विभाग 30 दिन में कार्य को पूरा करेगा। कार्य की निगरानी पटना सिटी रोड डिविजन के कार्यपालक अभियंता करेंगे। सड़कों की मरम्मत से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा।
इन सड़कों की होगी मरम्मत
योजना के अनुसार, एनएच-30 फोरलेन से पुनाडीह-बैरिया वाया रानीपुर पैजावा रोड (6.10 किलोमीटर) की मरम्मत 79.53 लाख रुपये से होगी। पटना-गया एसएच-एक के इलाहीबाग से डंपिंग यार्ड रोड (4.75 किमी) पर 1.86 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बाइपास थाना से मर्चा-मर्ची होते हुए पटना सुरक्षा बांध (माधोपुर) तक 9.02 किमी सड़क की मरम्मत 53.74 लाख रुपये से होगी। अशोकचक-नंदलाल छपरा मोड़ से एसपीएम रोड वाया कृष्णा निकेतन (2.43 किमी) पर 1.45 करोड़, अगमकुआं पहाड़ी रोड से पुराना बायपास वाया त्रिलोक नगर (1.11 किमी) पर 33.72 लाख और छोटी-बड़ी पहाड़ी, मुसहरी रोड (1.90 किमी) पर 62.42 लाख रुपये खर्च होंगे।
एनएच-30 बायपास से मर्चा-मर्ची पथ वाया रानीपुर चकिया (2.50 किमी) पर 62.84 लाख, करमालीचक से पटना सुरक्षा बांध वाया मिर्जापुर-चितमा-गौहरपुर-महुली एवं लिंक रोड (8.40 किमी) पर 1.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बेगमपुर दौलतपुर रोड (1.80 किमी) की मरम्मत पर 27.70 लाख, पुराने एनएच-30 दीदारगंज (0.90 किमी) पर 42.50 लाख, मौजीपुर से दौलतपुर रोड (चार किमी) तक मरम्मत पर 56.50 लाख, पटना न्यू बाइपास एनएच 30 पर जगनपुरा मोड़ से चिपुरा खुर्द (6.30 किमी) पर 58.34 लाख और बिस्कोमान गोलंबर से विकास कालोनी रोड (1.60 किमी) की मरम्मत 28.82 लाख रुपये से कराई जाएगी। विभाग ने इन सभी सड़कों की मरम्मत के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।