Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना में DPS समेत 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बच्चों को कराया गया सुरक्षित बाहर; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

    By shubham kumarEdited By: Radha Krishna
    Updated: Tue, 21 Jul 2026 03:27 PM (IST)

    पटना में डीपीएस समेत चार स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा एजेंस ...और पढ़ें

    धमकी के बाद स्कूल परिसरों में बढ़ाई गई सुरक्षा

    धमकी के बाद स्कूल परिसरों में बढ़ाई गई सुरक्षा

    HighLights

    1. पटना के चार स्कूलों को ईमेल से मिली धमकी।

    2. बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

    3. बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड ने की जांच।

    जागरण संवाददाता, पटना। बिहार की राजधानी पटना में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। दानापुर इलाके के चार स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना सामने आई है।

    धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियातन बच्चों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद कई सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।

    बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसरों में जांच शुरू कर दी। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

    dps 2

     

    धमकी के बाद स्कूल परिसरों में बढ़ाई गई सुरक्षा

    जानकारी के अनुसार, जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल के सीनियर और जूनियर विंग, आर्मी पब्लिक स्कूल और रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं।

    ईमेल मिलने के बाद स्कूलों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल परिसर खाली कराया गया।

    बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उन्हें उनके अभिभावकों के हवाले किया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा टीमों ने स्कूल परिसर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली।

    सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्कूलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

    dps 3

     

    ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी पुलिस

    प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि धमकी भरे ईमेल में भेजने वाले ने खुद को खालिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़ा होने का दावा किया है।

    हालांकि, ईमेल में किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

    मामले की जांच में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि धमकी किस स्थान से और किस माध्यम से भेजी गई। जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

    बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने संभाला मोर्चा

    दानापुर के एएसपी अजीत कुमार के मुताबिक, चार स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना मिली थी।

    सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी स्कूलों को खाली कराया और सुरक्षा घेरा तैयार किया।

    बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और विशेषज्ञ टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच की। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

    पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ईमेल की तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल स्कूलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

    अभिभावकों से प्रशासन के निर्देश मानने की अपील

    धमकी के बाद प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हैं। पुलिस की कोशिश है कि ईमेल भेजने वाले तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।

    साइबर विशेषज्ञ ईमेल से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। वहीं, स्कूल प्रशासन भी अभिभावकों को स्थिति की जानकारी दे रहा है।

    एहतियात के तौर पर बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की सूचना या अफवाह न फैलाने की अपील की है।

    यह भी पढ़ें- CM आवास और सचिवालय को उड़ाने की धमकी; बिहार में हाई अलर्ट, चप्‍पे-चप्‍पे की हो रही जांच