Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पानी की समस्या पर पटना नगर निगम की मुहिम, 21 वार्डों में 33 पेयजल योजनाएं जारी; पाइपलाइन विस्तार पर जोर

    Updated: Fri, 29 May 2026 08:26 AM (IST)

    पटना नगर निगम गर्मी में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए 21 वार्डों में 33 योजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है। इनमें पाइपलाइन विस्तार, पंप हाउस निर्माण, बोर ...और पढ़ें

    पंप हाउस निर्माण व बोरिंग लगाने की 33 योजनाओं का कार्य जारी

    पंप हाउस निर्माण व बोरिंग लगाने की 33 योजनाओं का कार्य जारी

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में लोगों को गर्मी के मौसम में बिना बाधा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से पाइपलाइन विस्तार, पंप हाउस निर्माण, बोरिंग लगाने और पाइपलाइन मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। 15 वार्डों में पाइपलाइन विस्तार की 26 योजनाओं पर काम जारी है।

    वहीं छह वार्डों में पंप हाउस निर्माण और बोरिंग लगाने से जुड़ी सात योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा पाइपलाइन लीकेज, मोटर खराब होने और जलापूर्ति बाधित होने की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा रहा है।

    गर्मी में लोगों को पेयजल संकट न हो, इसके लिए दो पालियों में लगातार काम कराया जा रहा है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर अभियंता रोजाना योजनाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट दे रहे हैं। कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम की ओर से काम शुरू होने और पूरा होने के बाद जीपीएस युक्त फोटो और वीडियो भी तैयार किए जा रहे हैं।

    गुरुवार को वार्ड 11 के हरनीचक स्थित हुलास विहार कालोनी फेज-दो में चल रही पाइपलाइन योजना के तहत पेट्रोल पंप के पास राइट आफ वे डिमार्केशन को लेकर नगर निगम और इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमेटेड के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।

    खबरें और भी

    तीन वार्डों में मरम्मत कार्य जारी, पांच में जलापूर्ति शुरू

    वार्ड 58 में बड़ी पटन देवी मंदिर के सामने पाइपलाइन मरम्मत का काम चल रहा है। वार्ड 54 में बिस्कोमान गोलंबर के पास सड़क पुनर्स्थापन और नल लगाने का कार्य हो रहा है। वार्ड 44 के मलाही पकड़ी और हनुमान नगर इलाके में पाइपलाइन लीकेज को ठीक किया जा रहा है।

    इसके अलावा वार्ड 47 के साकेतपुरी पंप, वार्ड 36 के भूषण लेन लोहानीपुर, वार्ड 39 की चमरूपासी गली और वार्ड 42 की धोबी गली में पाइपलाइन मरम्मत का काम पूरा कर जलापूर्ति बहाल कर दी गई है। वार्ड 47 में जली मोटर बदलने के बाद फिर से पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।

    अंचलवार योजनाओं की स्थिति

    नूतन राजधानी अंचल: वार्ड 16 के सरिस्ताबाद, श्रीराम पथ, गौतम नगर, पूर्वी टोला और ठाकुर गली में पाइपलाइन विस्तार कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं वार्ड 19 के अग्रवाल प्रेस गली में भी पाइपलाइन परियोजना जारी है। वार्ड नौ के कौशल नगर में हाई यील्ड ट्यूबवेल योजना का 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

    पाटलिपुत्र अंचल: वार्ड 27 के मित्र पुस्तकालय गली, विद्यापति भवन गली और हरिजन कालोनी में पाइपलाइन विस्तार कार्य चल रहा है। वार्ड 26 में काली मंदिर के पास बोरिंग और पाइपलाइन विस्तार तेजी से हो रहा है। वहीं वार्ड 22ए के आइआइटी वीमेंस कालेज क्षेत्र, वार्ड सात में इंद्रपुरी रोड नंबर-15 और वार्ड पांच के शेखपुरा बगीचा में भी पाइपलाइन योजनाएं जारी हैं।

    कंकड़बाग अंचल: वार्ड 30 के ज्योतिष पथ स्थित नए पंप हाउस से मुसहरी रोड और ब्रांच रोड तक पाइपलाइन बिछाने के साथ घरों को जल कनेक्शन दिए जा रहे हैं। वहीं वार्ड 31 के आजाद नगर रोड नंबर-दो में पुरानी पाइपलाइन हटाकर नई पाइपलाइन लगाई जा रही है।

    बांकीपुर अंचल: वार्ड 36 के पूर्वी लोहानीपुर में कहार टोली, भूषण लेन और मुनचुन लेन सहित कई इलाकों में पाइपलाइन विस्तार के लिए सड़क खोदाई चल रही है। वार्ड 38 के कदमकुआ वेंडिंग जोन के पास भी खोदाई जारी है। वार्ड 42 में पाइपलाइन बिछाने और पंप हाउस निर्माण का कार्य हो रहा है, जबकि वार्ड 47 के जय महावीर कालोनी, नहर रोड और आसपास क्षेत्रों में कार्य जारी है।

    अजीमाबाद अंचल: वार्ड 57 के टमटम पड़ाव पंप हाउस और वार्ड 56 की धोबिनिया गली में पाइपलाइन विस्तार कार्य चल रहा है। वहीं वार्ड 61 के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नवनीत नगर में नए पंप हाउस निर्माण के लिए खोदाई कार्य जारी है।

    पटना सिटी अंचल: वार्ड 62 के रेलवे लाइन छटंकी पुल, कदमताल, शहीद जगदेव पार्क, देवी स्थान और आटा चक्की इलाके में उच्च क्षमता की नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। वार्ड 67 के बाटाउं कुआं, जीजस मैरी सेकेंडरी स्कूल गली और धोबलपुरा पुलिस चौकी के पास पाइपलाइन विस्तार व बोरिंग के लिए ट्रांसफार्मर लगाने का काम जारी है।

    वहीं वार्ड 71 के चायटोला चौराहा क्षेत्र में पुरानी पाइपलाइन बदलकर नए जल कनेक्शन दिए जा रहे हैं तथा वार्ड 66 में आर्य समाज मंदिर के पास बोरवेल निर्माण शुरू हो गया है।

    यह भी पढ़ें- भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर तीसरा बेली ब्रिज तैयार, आज होगी लॉन्चिंग; जून से छोटी गाड़ियों का आवागमन शुरू

    यह भी पढ़ें- भागलपुर: गंगा पार करना होगा आसान, आज से शुरू होगी जलयान सेवा; यात्रियों और वाहनों को मिलेगी बड़ी राहत