पेट्रोल-डीजल पर बिहार में सियासत गर्म: लालू की बेटी को दिखी महंगाई, भाजपा बोली- जिम्मेदार बनें
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राजद नेता रोहिणी आचार्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हु ...और पढ़ें

राजद नेता रोहिणी आचार्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
HighLights
रोहिणी आचार्य ने पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि पर केंद्र सरकार को घेरा।
महंगाई से आम आदमी, खासकर दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ रहा बोझ।
बिहार में ईंधन की बढ़ती कीमतों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई।
राधा कृष्ण, पटना। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने के बाद बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और लालू प्रसाद की बेटी Rohini Acharya ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई को आम लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बताया है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर कहा कि मामला सिर्फ 3 रुपये की बढ़ोतरी का नहीं, बल्कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी पर पड़ रहे दबाव का है।
'रोज कमाने-खाने वालों पर सबसे ज्यादा असर'
रोहिणी आचार्य ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ता है, जो रोज कमाते और रोज खर्च चलाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है, जबकि महंगाई लगातार लोगों की कमर तोड़ रही है।
'अच्छे दिन' के नारे पर भी साधा निशाना
रोहिणी ने केंद्र सरकार के 'अच्छे दिन' नारे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन राहत के नाम पर कुछ नहीं मिल रहा।
उनके मुताबिक, महंगाई अब लोगों के लिए सिर्फ आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी की बड़ी चुनौती बन चुकी है।
सोना, दूध, CNG के बाद अब ईंधन महंगा
बता दें कि देश में हाल के दिनों में कई जरूरी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। पहले सोना-चांदी महंगा हुआ, फिर दूध और CNG के दाम बढ़े। अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
ईंधन की कीमत बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिसका असर रोजमर्रा की चीजों पर भी पड़ सकता है।
आम लोगों की बढ़ी चिंता
महंगाई की वजह से मध्यम वर्ग और दैनिक मजदूरी करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि रसोई से लेकर सफर तक हर चीज महंगी होती जा रही है।
राजनीतिक दल भी अब महंगाई के मुद्दे को लेकर आमने-सामने आ गए हैं और इसे जनता से जुड़े बड़े मुद्दे के रूप में उठाया जा रहा है।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
ईंधन मूल्य वृद्धि के बाद विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और ज्यादा राजनीतिक तूल पकड़ सकता है।
फिलहाल पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों ने आम आदमी की जेब पर असर डालते हुए सियासत को भी गर्म कर दिया है।
यह भी पढ़ें- 'खाड़ी देशों के युद्ध का असर'; पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर बोले बिहार के डिप्टी सीएम, कहा- हालात अस्थायी हैं