48 घंटे में सुलझी 4 मौत की गुत्थी: 'प्यार' के लिए शराब पिलाकर ली जान, पटना पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा
बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में शराब में जहर मिलाकर चार युवकों की हत्या का मामला पुलिस ने 48 घंटे में सुलझा लिया है।

मामले की जानकारी देते ग्रामीण एसपी। (जागरण)
HighLights
बाढ़ में चार युवकों की हत्या का 48 घंटे में खुलासा।
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश थी हत्याकांड की वजह।
मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध।
संवाद सहयोगी, बाढ़। बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में शराब में जहर देकर चार युवकों की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध (नाबालिग) बालक को निरुद्ध किया गया है।
शराब पिलाने से पहले मिलाया गया था जहर
ग्रामीण एसपी ने प्रेसवार्ता में बताया कि बीते दिनों बेढ़ना गांव में चार व्यक्तियों की संदिग्ध स्थिति में तबीयत खराब हुई थी, जिनकी बाद में मौत हो गई।
जांच और पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चारों युवकों को शराब पीने के लिए आमंत्रित किया था और पिलाने से पहले उसमें बाजार से खरीदा हुआ जहर मिला दिया था। घटना की आधिकारिक पुष्टि के लिए विसरा और शराब के नमूनों को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है।
बहन से प्रेम प्रसंग और तानों से था नाराज
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि एक मृतक का प्रेम प्रसंग आरोपित मुख्य आरोपी की बहन के साथ पिछले दो-ढाई वर्षों से चल रहा था।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद था। नीशू और उसके साथी अक्सर मुख्य आरोपी को इस बात को लेकर चिढ़ाया करते थे। इसी प्रतिशोध और नाराजगी में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।
एसआईटी टीम ने दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ पुलिस द्वारा एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था, जिसमें कई थानों के थानाध्यक्ष और डीआईयू की टीम शामिल थी।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी, जहर की व्यवस्था में शामिल एक सब्जी विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
