बांकीपुर उपचुनाव: 'कौन हैं प्रशांत किशोर?' रामकृपाल यादव का पीके पर तीखा हमला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है, जिसमें बिहार के कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रामकृपाल यादव ने प्रशांत किशोर पर ती ...और पढ़ें
HighLights
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, कई नेताओं ने वोट डाला।
रामकृपाल यादव ने प्रशांत किशोर की पहचान पर सवाल उठाए।
भाजपा नेताओं ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत का दावा किया।
डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी मतदान किया।
लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मतदान के बाद भाजपा नेताओं ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत का दावा किया।
'बांकीपुर में भाजपा थी और भाजपा ही रहेगी'
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र हमेशा से भाजपा का गढ़ रहा है और इस बार भी नतीजा भाजपा के पक्ष में ही आएगा।
उन्होंने कहा, 'बांकीपुर में भाजपा थी और भाजपा ही रहेगी। एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में स्पष्ट लहर है। जनता विकास के नाम पर वोट दे रही है।'
'कौन हैं प्रशांत किशोर?'
जन सुराज के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर के चुनावी प्रभाव से जुड़े सवाल पर रामकृपाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा, 'कौन हैं प्रशांत किशोर? बांकीपुर के किस मोहल्ले के रहने वाले हैं? क्या वे यहां की पांच गलियों का नाम भी जानते हैं?'
उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता बाहरी चेहरे के बजाय अपने क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति को महत्व देती है।
'घर के बेटे को ही चुनेंगे लोग'
रामकृपाल यादव ने कहा कि हर व्यक्ति अपने क्षेत्र के बेटे को आगे बढ़ाना चाहता है। उन्होंने कहा, 'नितिन नवीन घर के बेटे हैं और नीरज कुमार सिन्हा भी इसी क्षेत्र के बेटे हैं।
लोग अपने सुख-दुख में साथ रहने वाले व्यक्ति को चुनते हैं, न कि किसी अरबपति-खरबपति को। चुनाव जनता के बीच रहकर सेवा करने से जीता जाता है।'
कार्यकर्ताओं की हिरासत पर भी बोले
जन सुराज के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के सवाल पर रामकृपाल यादव ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है।
उन्होंने कहा, 'जो कानून का उल्लंघन करेगा, उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। कानून तोड़ेंगे, गुंडागर्दी करेंगे तो हिरासत में भी जाएंगे और जेल भी जाएंगे।'

(मतदान कर बाहर निकले रविशंकर प्रसाद।)
रविशंकर प्रसाद बोले- विकास पर जनता को भरोसा
उधर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद ने पटना वीमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से इसी मतदान केंद्र पर अपना वोट डालते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'बांकीपुर की जनता का भाजपा के साथ वर्षों पुराना संबंध है। पिछले वर्षों में क्षेत्र में जो विकास कार्य हुए हैं, उन्हें लोगों ने देखा है। जनता विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने और आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के साथ खड़ी है।'
खबरें और भी
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पूरे दिन मतदान जारी है। भाजपा, जन सुराज और राजद के बीच मुकाबले पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: किदवईपुरी मतदान केंद्र पर भाजपा-जन सुराज कार्यकर्ताओं में झड़प, फर्जी वोटिंग का आरोप
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव से पहले सियासी बवाल, पटना के थाने में पुलिस अधिकारी और प्रशांत किशोर में तीखी नोकझोंक