Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राबड़ी के बाद रोहिणी ने भी सरकार को ललकारा; 10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर बढ़ा टकराव

    Updated: Sun, 31 May 2026 12:04 PM (IST)

    राजधानी पटना में राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली कराने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है, जिसमें अब उनकी बेटी रोहिणी आचार्य भी सरकार को चुनौती ...और पढ़ें

    10 सर्कुलर रोड आवास के बाहर खड़ी पुलिस। फाइल

    10 सर्कुलर रोड आवास के बाहर खड़ी पुलिस। फाइल

    HighLights

    1. रोहिणी आचार्य ने सरकार को आवास खाली कराने की चुनौती दी।

    2. राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने से मना किया।

    3. राजद ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया।

    डिजिटल डेस्क, पटना। राजधानी पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली कराने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है।

    पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी  के आवास को लेकर चल रहे विवाद में अब उनकी बेटी रोह‍िणी आचार्य भी खुलकर मैदान में उतर गई हैं।

    उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बिहार सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो सरकार जबरन बंगला खाली कराकर दिखाए।

    सरकार का प्रत‍िशोध मॉडल 

    सिंगापुर में रह रहीं रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।

    उन्होंने लिखा कि जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उनके अनुसार आवास से बेदखल करने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और यह सत्ता के अहंकार का प्रतीक है।

    रोहिणी ने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध के मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मोर्चों पर सरकार विफल साबित हुई है, जबकि विपक्ष को घेरने में पूरी ताकत लगा रही है। उन्होंने इसे "प्रतिशोध मॉडल" की राजनीति करार दिया।

    Rohini Tweet

    तीसरे नोटिस के बाद राबड़ी का सख्त रुख

    दरअसल, भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए तीसरी बार नोटिस जारी किया गया है।

    हालांकि राबड़ी देवी ने साफ शब्दों में कहा है कि वह किसी भी कीमत पर बंगला खाली नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना पुलिस बल लगा ले, वह अपने आवास से नहीं हटेंगी।

    राबड़ी देवी वर्ष 2006 से पूर्व मुख्यमंत्री के नाते इस आवास में रह रही हैं। वर्तमान में उन्हें नेता प्रतिपक्ष के तौर पर हार्डिंग रोड स्थित एक अन्य सरकारी आवास आवंटित है।

    इसी आधार पर सरकार उनसे मौजूदा बंगला खाली कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

    मंत्री को हो चुका है बंगला आवंटित

    सरकारी सूत्रों के अनुसार 10 सर्कुलर रोड स्थित यह बंगला पहले ही बिहार सरकार के मंत्री Nand Kishore Ram को आवंटित किया जा चुका है।

    पिछले वर्ष भी इस आवास को लेकर विवाद हुआ था, जब परिसर से कुछ सामान और गमले हटाए गए थे। उस समय भी भवन निर्माण विभाग ने नोटिस जारी किया था।

    राजद ने बताया राजनीतिक बदले की कार्रवाई

    आवास विवाद को लेकर राष्ट्रीय जनता दल पूरी तरह आक्रामक मुद्रा में दिखाई दे रहा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर लालू परिवार को अपमानित करने की कोशिश कर रहा है।

    वहीं प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि सरकार नियमों की मनमानी व्याख्या कर रही है और विपक्ष के नेताओं के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। 

    यह भी पढ़ें- 10 सर्कुलर रोड नहीं छोड़ेंगी राबड़ी देवी; बोलीं- फोर्स बुलाकर खाली करा लें, तीसरे नोटिस के बाद भी अड़ीं पूर्व CM

    यह भी पढ़ें- लालू परिवार को 15 दि‍न में खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड आवास; नहीं रह पाएंगे नीतीश के पड़ोसी

     

    खबरें और भी