Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीमांचल में दौड़ेगी विकास की 'ट्रेन', MP पप्पू यादव की मांग पर अश्विनी वैष्णव ने बताया रेलवे का मास्टरप्लान

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 01:24 PM (IST)

    सांसद पप्पू यादव ने लोकसभा में कटिहार जंक्शन के विस्तार और सीमांचल क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था पर सवाल उठाए। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ...और पढ़ें

    MP पप्पू यादव की मांग पर अश्विनी वैष्णव ने बताया रेलवे का मास्टरप्लान

    MP पप्पू यादव की मांग पर अश्विनी वैष्णव ने बताया रेलवे का मास्टरप्लान

    HighLights

    1. पप्पू यादव ने कटिहार जंक्शन विस्तार पर लोकसभा में सवाल उठाए।

    2. रेल मंत्री ने 27 पूर्वोत्तर सीमा रेलवे परियोजनाओं की जानकारी दी।

    3. कटिहार जंक्शन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित होगा।

    जागरण संवाददाता, पूर्णिया। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (MP Pappu Yadav) ने कटिहार जंक्शन के विस्तार और सीमांचल क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पूछा कि क्या कटिहार जंक्शन पर बढ़ते रेल यातायात को देखते हुए अतिरिक्त यार्ड, प्लेटफॉर्म और बाईपास लाइन बनाने की कोई योजना है।

    साथ ही, उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या सरकार बिहार के सीमांचल क्षेत्र को पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी राज्यों से बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए नई रेल संपर्क परियोजनाओं का कोई विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कर रही है।

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जवाब में बताया कि कटिहार जंक्शन देश के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन 172 यात्री ट्रेनें और 25 मालगाड़ियां संचालित होती हैं। वर्तमान में स्टेशन पर 49 लाइनें, 9 प्लेटफॉर्म, 4 पिट लाइनें और 2 स्टैबलिंग लाइनें उपलब्ध हैं, जो मौजूदा यात्री एवं माल यातायात की आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं।

    उन्होंने सदन को यह भी बताया कि 1 अप्रैल 2026 की स्थिति के अनुसार पूर्वोत्तर सीमा रेलवे क्षेत्र में 2,183 किलोमीटर लंबाई और 76,631 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 27 रेल परियोजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 14 नई रेल लाइनें, 2 आमान परिवर्तन और 11 दोहरीकरण परियोजनाएं शामिल हैं।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए सरकार द्वारा बजट आवंटन में वृद्धि, फील्ड अधिकारियों को अधिक अधिकार, नियमित प्रगति समीक्षा और भूमि अधिग्रहण के लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

    सरकार ने बताया कि कटिहार जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के लिए भी चयनित किया गया है। स्टेशन पर उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सभी प्लेटफॉर्मों पर शेड, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, लिफ्ट, एस्केलेटर और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसी यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

    सांसद पप्पू यादव ने सीमांचल क्षेत्र की रेल अधोसंरचना को मजबूत करने और कटिहार जंक्शन की बढ़ती उपयोगिता के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सरकार से इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर सीमांचल के विकास को गति देने की मांग की।

    यह भी पढ़ें- बगहा-खरपोखरा रेलखंड पर ओएचई खराबी से वंदे भारत समेत कई ट्रेनें फंसी, परिचालन डेढ़ घंटे बाधित

    यह भी पढ़ें- हाजीपुर और बरौनी के रास्ते चलेगी सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल