पीएम स्वनिधि योजना: छोटे दुकानदार अब बन सकेंगे आत्मनिर्भर, स्ट्रीट वेंडर्स को मिल रहा ₹90000 तक लोन
पूर्णिया नगर निगम ने सम्राट अशोक भवन में पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण शिविर आयोजित किया, जिसमें महापौर और जिलाधिकारी ने छोटे दुकानदारों को आत्मन ...और पढ़ें
-1784870694787_m.webp)
लाभुक को चेक देतीं महापौर विभा कुमारी, डीएम अंशुल कुमार व अन्य। फोटो- जागरण
HighLights
पूर्णिया में पीएम स्वनिधि ऋण वितरण शिविर आयोजित।
छोटे दुकानदारों को ₹90,000 तक का ऋण मिलेगा।
महापौर, जिलाधिकारी ने आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
जगरण संवाददाता, पूर्णिया। नगर निगम के तत्वावधान में गुरुवार को सम्राट अशोक भवन में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्घाटन महापौर विभा कुमारी, जिलाधिकारी अंशुल कुमार, एसडीएम तुषार कुमार, उप महापौर पल्लवी गुप्ता एवं प्रभारी नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, स्ट्रीट वेंडर्स, नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुकानदार उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जानकारी भी दी गई।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे दुकानदारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले छोटे दुकानदार भी शहर की अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं और पूर्णिया के आर्थिक विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
महापौर ने बताया कि जिन दुकानदारों ने ऋण के लिए आवेदन किया है, उनके लिए शिविर में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को तीन चरणों में कुल 90 हजार रुपये (प्रथम चरण में 15 हजार, द्वितीय चरण में 25 हजार एवं तृतीय चरण में 50 हजार) तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
महापौर ने कहा कि हमारी कोशिश है कि कोई भी मेहनतकश दुकानदार केवल पूंजी के अभाव में पीछे न रह जाए। यह शिविर उसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे पहली किश्त की राशि का सदुपयोग करें और समय पर ऋण का भुगतान करें, ताकि उन्हें दूसरी एवं तीसरी किश्त प्राप्त करने में कठिनाई न हो।
महापौर ने विश्वास जताया कि इस योजना से अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स लाभान्वित होंगे और उनका व्यवसाय नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने योजना के सफल संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
खबरें और भी
जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीएम स्वनिधि योजना के लिए सूची में नामांकित सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से ऋण राशि का सदुपयोग कर समय पर उसका भुगतान करने की अपील की, ताकि वे योजना के अगले चरणों का भी लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर मौके पर मुख्य रूप से भारतीय स्टेट बैंक के एलडीएम दिनेश कुमार दिनकर, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, राजेश कुमार झा, प्रधान सहायक उमेश यादव, सहायक नलिन भूषण सहित एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ोदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र, बिहार ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक एवं बैंक ऑफ़ इंडिया के पदाधिकारी, नगर निगम के सभी सीआरपी आदि मौजूद थे।