पूर्णिया में तेंदुए के हमले से तीन किसान घायल, गुस्साई भीड़ ने मार गिराया
पूर्णिया के रूपौली में एक तेंदुए ने तीन किसानों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने तेंदुए को मार डाला। ...और पढ़ें
HighLights
तेंदुए ने पूर्णिया के रूपौली में तीन किसानों को घायल किया।
मवेशियों पर हमले के बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को मार डाला।
घायल किसानों का अस्पताल में इलाज, जांच जारी है।
संवाद सहयोगी, रूपौली (पूर्णिया)। टीकापट्टी थाना क्षेत्र के चकला बहियार में बुधवार को तेंदुआ द्वारा तीन किसानों के घायल कर दिये जाने से आक्रोशित लोगों ने तेंदुआ को मार गिराया है। सभी घायल किसानों को रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इधर खबर पाकर स्थानीय पुलिस एवं बनमनखी से वन विभाग के कर्मी पहुंचकर मामले की जांच में जुट गये हैं। तेंदुआ को देखने के लिए हजारों की भीड़ जमा हो गयी, जिसे संभालने के लिए पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पडा।
इस संबंध में स्थानीय पीड़ित किसानों एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार इस बहियार के मवेशी पालकों के मवेशी गायब हो रहे थे तथा उसके अवशेष बहियार में मिल रहे थे। उन्हें लग रहा था कि गीदड़ या कोई छोटा जंगली जानवर इनका शिकार कर रहा होगा। जब गाय का बच्चा उसका शिकार हुआ, तब लोगों में भय व्याप्त हो गया।

किसी-किसी महिला ने इस बात की चर्चा भी की थी कि एक बहुत बडा जानवर बाघ जैसा देखी है, परंतु उसकी बातों पर विश्वास कोई नहीं कर रहा था। पीड़ित किसान रीता देवी, कंचन देवी ने बताया कि रात में वे लोग अपने बथान पर अपने-अपने मवेशियों को बांधकर घर चले गये थे। सुबह जब आए तो देखा कि बथान पर गाय का बच्चा मरा पडा है तथा उसके पेट को पूरी तरह किसी जानवर द्वारा खाया गया है।
खबरें और भी
साथ ही वहां बिल्ली जैसे बडे-बडे पंजे के निशान दिखायी पडे़। उनके द्वारा तुरंत इस बात की खबर गांव में दी गयी । लगातार मवेशी के मारे जाने से सभी परेशान थे। इस बात की खबर पुलिस को भी दी गयी, परंतु कुछ नहीं हुआ। तब थक-हारकर स्थानीय किसानों ने लाठी-डंडा आदि पारंपरिक हथियार एवं जाल के साथ बुधवार को उस तथाकथित जानवर को खोजने निकले, ताकि उसे पकडा जा सके।
उसी दौरान बांसबाडी में एक युवक सोनु कुमार को सांप ने डस लिया, जिसे तत्काल रेफलर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर जिस जगह पर गाय का बच्चा जानवर द्वारा खाया गया था, उससे लगभग दो सौ मीटर दूर केला के खेत में बडे-बडे घास के बीच उन्हें कुछ हलचल दिखा, जब वेलोग वहां पहुंचे, अचानक घास से तेंदुआ ने छलांग लगायी तथा देखते-देखते किसान विजय यादव पिता महेश्वरी यादव, नीतीश कुमार पिता छतीश मंडल एवं प्रभाष साह पिता वासुदेव साह को पंजा एवं दांत से काटकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। इधर तेंदुआ को हमलावर होते देख, किसान काफी घबरा गये तथा अपनी जान बचाने के लिए लाठी-डंडे से उन्हें मारने पर मजबूर हो गये।
तेंदुआ के मारे जाने की खबर पाकर स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग की टीम पहुंची
तेंदुआ के मारे जाने की खबर पर टीकाट्टी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, एसआई केके सिंह, एसआई उपेंद्र उपाध्याय सहित अन्य पुलिसबल पहुंचे, साथ ही बनमनखी से वनविभाग से एएसआई अक्षय कुमार वहां पहुंचे तथा जांच में जूट गये। अक्षय कुमार ने बताया कि तेंदुआ का अंत्यपरीक्षण किया जाएगा।