यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: 'हमने नीतीश कुमार को...', चुनाव के बीच Tejashwi Yadav का बड़ा दावा; सियासी हलचल तेज
तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडी गठबंधन बनाने के लिए वे नीतीश कुमार के साथ पूरे देश में घूमे। सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद नीतीश कुमार को आगे कर उन्हें ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। भाजपा राजद से डरती है। हर दो-तीन माह में हमारे यहां रेड डाली जाती है। सभी भाई-बहनों पर केस डाल रखा है। बावजूद राजद अकेले बिहार में उसके खिलाफ लड़ रही है। उक्त बातें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को एक स्थानीय होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। उनके साथ राज्यसभा सांसद मनोज झा एवं वीआइपी सुप्रीमो मुकेश सहनी भी थे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देश में संविधान एवं लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई चल रही है। चुनाव दो धाराओं के बीच हो रहा है। इंडी गठबंधन संविधान बचाना चाहती और एनडीए उसे खत्म करना चाहता है। जो संविधान को बचाएंगे हमारे साथ हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडी गठबंधन बनाने के लिए वे नीतीश कुमार के साथ पूरे देश में घूमे। सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद नीतीश कुमार को आगे कर उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन आज वे फिर सांप्रदायिक ताकतों की गोद में खेलने लगे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता संविधान को खत्म करने की बात अब सार्वजनिक रूप से करने लगे हैं। अगर उनके हाथ फिर सत्ता लगी तो वे संविधान को खत्म कर देंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार और सीमांचल के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। चुनाव से पूर्व उन्होंने जितने वादे किए 40 में 39 सांसद देने के बावजूद बीजेपी ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। हमलोग मुद्दे की बात करना चाहते हैं। बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, चिकित्सा की बात करते हैं।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि अपने 17 महीने के कार्यकाल में बहुत सारे काम किए। कहा कि उनका प्रमुख फोकस रोजगार पर रहा। खिलाड़ियों सहित पांच लाख बेरोजगारों को नौकरी दी। इनवेस्टर्स मीट कराया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में हुए चुनाव में बिहार के लोगों ने भाजपा को सबक सिखा दिया है तथा दूसरे चरण में पांच लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में भी इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत होगी।
भाजपा की 400 पार फिल्म हुई फ्लॉप- मुकेश
प्रेस कॉन्फेंस को संबोधित करते हुए वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा की 400 पार फिल्म पहले ही चरण में फ्लॉप हो गई है। इस बार उनकी यह फिल्प पूरी तरह पिटने वाली है।
मुकेश सहनी ने कहा कि सीमांचल की सभी सीटों पर हमलोग मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। एक अति पिछड़ा की बेटी पूर्णिया से चुनाव लड़ रही हैं। बीमा भारती के लिए हमलोगों ने पूर्णिया में कैंप किया है, उम्मीद है यहां की जनता उसे अवश्य जीत दिलाएगी।