रोहतास के दिनारा में तीन लकड़बग्घों के दिखने से दहशत, वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दिनारा के महरोढ़ और भानस के खेतों में तीन लकड़बग्घे देखे जाने से किसानों में दहशत फैल गई है। सरपंच प्रतिनिधि और डायल 112 ने वन विभाग को सूचित किया। ...और पढ़ें
-1774179400379_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, दिनारा (रोहतास)। प्रखंड क्षेत्र की महरोढ़ पंचायत अंतर्गत महरोढ़ व भानस के बधार में रविवार को तीन लकड़बग्घों के देखे जाने से किसानों में दहशत फैल गई है।
खेतों में जंगली जानवरों की अचानक मौजूदगी से ग्रामीण भयभीत हैं और अपने खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरपंच प्रतिनिधि सोनू कुशवाहा व डायल 112 की टीम ने तत्काल वन विभाग को सूचित किया।
सूचना मिलते ही वन पदाधिकारी राहुल कुमार के नेतृत्व में वनरक्षी दिलीप कुमार, कन्हैया कुमार, अभिलाषा कुमारी, सुनील कुमार, राजकमल व रंजीत कुमार सहित अन्य कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची व रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही तीनों जानवर गेहूं की खड़ी फसल में छिप गए, जिससे उन्हें पकड़ने में कठिनाई हो रही है।
बेलवैंया निवासी किसान नीलेश कुशवाहा ने बताया कि जब वह अपनी सब्जी की फसल का निरीक्षण और दवा छिड़काव करने गए थे, तभी अचानक एक लकड़बग्घा सामने आ गया। उनके शोर मचाने पर आसपास के किसान इकट्ठा हो गए, जिन्हें देख लकड़बग्घा भाग निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान एक लकड़बग्घा सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। किसानों ने उसे घेरने की कोशिश की तो डायल 112 की टीम ने सुरक्षा कारणों से लोगों को दूर रहने की सलाह दी। लेकिन वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही घायल लकड़बग्घा लड़खड़ाते हुए पुनः गेहूं के खेत में ओझल हो गया।
खबरें और भी
किसानों के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व बलिया पंचायत के कोरी गांव के बधार में भी इन्हें देखा गया था। फिलहाल, वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार सर्च आपरेशन चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी लकड़बग्घे को पकड़ा नहीं जा सका है।