सासाराम में क्यों नहीं रुकती राजधानी एक्सप्रेस? सांसद मनोज कुमार ने रेलवे से पूछा बड़ा सवाल
सासाराम सांसद मनोज कुमार ने संसदीय समिति की बैठक में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव और अमृत भारत योजना के अधूरे कार्यों का मुद्दा उठाया। ...और पढ़ें

पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में सासाराम सांसद मनोज कुमार।
HighLights
सांसद ने राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की।
अमृत भारत योजना के अधूरे कार्यों पर चिंता जताई।
सासाराम में रेल फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने को कहा।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में सासाराम सांसद मनोज कुमार ने राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव व अमृत भारत योजना के अधूरे कार्यों का मामला उठाया।
पूर्व-मध्य रेल हाजीपुर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा डीडीयू डिवीजन के डीआरएम उदय सिंह मीना की उपस्थिति में हुई बैठक में सांसद ने ये मामले उठाए।
कहा कि सासाराम जंक्शन डीडीयू डिवीजन में यात्री किराया से प्राप्त आमदनी के मामले में तीसरे व ईसीआर जोन में 19वें स्थान पर है। परंतु उसके अनुरूप यहां पर यात्रियों को सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं।
पर्यटन के दृृष्टिकोण से बेहद अहम
यात्री सुविधा से संबंधित मामले को रखते हुए सांसद ने कहा कि जिला मुख्यालय के अलावा पर्यटन की दृष्टिकोण से भी इस स्टेशन को महत्वपूर्ण माना जाता है।
यहां से काफी संख्या में यात्री गुप्ताधाम, ताराचंडी धाम, शेरशाह का मकबरा, रोहतासगढ़ किला, तुतला भवानी धाम, पायलट बाबा धाम, चाचा फागुमल गुरुद्वारा समेत अन्य दर्शनीय स्थल घूमने जाते हैं।
लेकिन राजधानी जैसी ट्रेनों का ठहराव आज तक सुनिश्चित नहीं हो सका है। साथ ही अगस्त 2023 से अमृत भारत योजना का काम अधर में लटका है।
स्वीकृत विकास कार्य केवल तोड़फोड़ तक ही सिमट कर रह गई है, जिससे यात्रियों को परेशानियों को सामना करना पड़ता है।
रेल फ्लाईओवर का निर्माण अधर में
साथ ही सासाराम नार्थ केबिन जंक्शन से सासाराम जंक्शन से निर्माणाधीन रेल फ्लाई ओवर कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की। सांसद ने इसके अलावा सांसद ने भभुआ रोड, पुसौली, कुदरा समेत अन्य स्टेशनों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।
इस दौरान रेल अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल द्वारा 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल परिचालन किया गया।
सासाराम के रास्ते डीडीयू-मानपुर रेलखंड पर 180 किमी प्रति घंटा की गति परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। साथ ही रिकॉर्ड 4.5 किमी लंबी रुद्रास्त्र मालगाड़ी का सफल संचालन किया गया।
वैगन रखरखाव में दिसंबर माह में 905 वैगनों की रूटीन ओवर हॉलिंग कर भारतीय रेल में सर्वाधिक मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया गया है।
इससे मालगाड़ियों की उपलब्धता एवं विश्वसनीयता को और मजबूती मिली है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य प्रगति पर है।
यह भी पढ़ें- गया जंक्शन बनेगा वर्ल्ड क्लास स्टेशन; संसदीय समिति की बैठक में रेल अधिकारियों ने दी बड़ी अपडेट