Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    समस्तीपुर में आंगनबाड़ी केंद्र के कमरे में घड़ों में कैद मिले सांप, सीओ ने सेविका को दी चेतावनी

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 06:28 AM (IST)

    विभूतिपुर के एक आंगनबाड़ी केंद्र में सांपों को कैद रखने की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने दबिश दी, हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही सांपों को जंगल में छोड ...और पढ़ें

    कानूनी करवाई की चेतावनी देते सीओ व उपस्थित अन्य। (जागरण)

    कानूनी करवाई की चेतावनी देते सीओ व उपस्थित अन्य। (जागरण)

    HighLights

    1. आंगनबाड़ी केंद्र में सांपों को कैद कर रखा गया था।

    2. प्रशासनिक टीम की दबिश से पहले सांपों को जंगल में छोड़ा गया।

    3. सेविका को कड़ी चेतावनी, वन्य जीव संरक्षण उल्लंघन पर कार्रवाई।

    संवाद सहयोगी, विभूतिपुर। वन्य जीव प्राणियों पर क्रूरता के विरुद्ध चलायी जा रही प्रशासनिक सख्ती के बावजूद नौनिहालों के पोषण और शिक्षा के लिए संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के कमरे में सांपों को कैद कर रखा जा रहा था।

    इसकी सूचना पर शनिवार को प्रशासनिक महकमे ने गंगौली मंदा वार्ड -6 स्थित सामुदायिक भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-248 में दबिश दी।

    यह महज संयोग था कि इसकी सूचना पहले ही आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका को मिल गई। उसके बाद भगत और उसके स्वजनों ने सांप को पास के जंगल में जाकर छोड़ दिया।

    अंचलाधिकारी चंद्रशेखर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मामले की जांच की। बताया गया कि सांपों को लवनी और घड़ों में कैद कर रखा गया था। पूछताछ के दौरान सेविका ने अधिकारियों के समक्ष स्वीकार किया कि केंद्र के कमरे में सांप रखे गए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया।

    मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ चंद्रशेखर ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी। कहा कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ और वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    यदि दुबारे केंद्र या आसपास के क्षेत्र में सांपों को रखने या प्रदर्शित करने की बात सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

    प्रशासन ने मौके पर सपेरों के स्वजनों और ग्रामीणों से बंध पत्र भरवाकर हस्ताक्षर भी करवाए। छापेमारी के दौरान केंद्र पर पहुंचे बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों ने सेविका के खिलाफ आक्रोश जताया।

    ग्रामीणों ने सेविका पर बच्चों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर सेविका के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

    सांपो को इकट्ठा करना गैरकानूनी

    सीडीपीओ डॉ. सुनीता कुमारी ने बताया कि सामुदायिक भवन में संचालित इस केंद्र में गांव के बच्चे पढ़ते हैं। केंद्र में सांपों का भंडारण करना गैरकानूनी है।

    ग्रामीणों की ओर से केंद्र संचालन और लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं में गड़बड़ी की शिकायत मिली है, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    सूचना पर टीम जांच करने गयी थी। टीम के वहां पहुंचने से पूर्व ही केंद्र में रखे सांप को जंगल में छोड़ दिया गया। यह मासूम बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करना है।

    फिलहाल सभी से बांड भरवाकर छोड़ दिया गया है। वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। निर्देश प्राप्त होते ही अगली कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- मगरमच्छ को कंधे पर लादकर थाने पहुंचा सुपौल का युवक, पुलिस भी देखकर रह गई दंग