गोंडा-बुढ़वल रेल रूट पर तीसरी लाइन के काम से ट्रेनें प्रभावित, गोरखपुर-थावे रहेगी रद, कुछ के मार्ग बदले
पूर्वोत्तर रेलवे ने गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर तीसरी लाइन के निर्माण के कारण कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। ...और पढ़ें

AI Generated Image
HighLights
गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर तीसरी लाइन का निर्माण कार्य जारी।
कई ट्रेनों का करनैलगंज स्टेशन पर ठहराव रद्द हुआ।
गोरखपुर-थावे सहित कुछ डेमू ट्रेनें निरस्त, एक शॉर्ट टर्मिनेट।
जागरण संवाददाता, छपरा। पूर्वोत्तर रेलवे ने गोंडा-बुढ़वल रेलखंड के गोंडा और गोंडा कचहरी स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य को लेकर कुछ ट्रेनों के परिचालन में संशोधन किया है।
रेलवे प्रशासन ने पहले करनैलगंज स्टेशन पर जिन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव निर्धारित किया था, उसे अपरिहार्य कारणों से अब निरस्त कर दिया है। साथ ही कुछ ट्रेनों को रद तथा एक यात्री ट्रेन को शार्ट टर्मिनेट करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे द्वारा जारी संशोधित सूचना के अनुसार, 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस का 9 और 10 जुलाई को करनैलगंज स्टेशन पर प्रस्तावित ठहराव नहीं होगा। इसी प्रकार 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस तथा 15203 बरौनी-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस भी करनैलगंज स्टेशन पर बिना रुके अपने निर्धारित मार्ग से संचालित होंगी।
इसके अलावा निर्माण कार्य के कारण कुछ पैसेंजर ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ा है। 13 जुलाई को गोरखपुर से चलने वाली 75106 गोरखपुर-थावे डेमू सेवा रद रहेगी। वहीं 14 जुलाई को थावे से प्रस्थान करने वाली 75104 थावे-छपरा डेमू तथा छपरा से चलने वाली 75101 छपरा-औंड़िहार डेमू का संचालन भी निरस्त रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए बताया कि 10 जुलाई तक छपरा से चलने वाली 55055 छपरा-नकहा जंगल सवारी गाड़ी अपने निर्धारित अंतिम स्टेशन नकहा जंगल तक नहीं जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी और वहीं से वापस संचालित होगी।
खबरें और भी
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि तीसरी लाइन के निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए यह परिचालन परिवर्तन किया गया है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।