Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Ration Card: सारण में 49455 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, हर पंचायत में नियुक्त होंगे नोडल पदाधिकारी

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 05:43 PM (IST)

    सारण प्रशासन ने 13 अगस्त तक 49,455 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है ताकि पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ मिल सके। इस अभियान में व ...और पढ़ें

    जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव। फोटो जागरण

    जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव। फोटो जागरण

    HighLights

    1. सारण में 13 अगस्त तक 49,455 नए राशन कार्ड का लक्ष्य।

    2. प्रतिदिन 1,648 राशन कार्ड बनाने का निर्देश, विकास मित्र करेंगे सहयोग।

    3. हर पंचायत में नोडल अधिकारी नियुक्त, पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ।

    जागरण संवाददाता, छपरा। जिले के पात्र लेकिन राशन कार्ड से वंचित परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

    जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में 13 अगस्त तक 49,455 नए राशन कार्ड तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रतिदिन 1,648 राशन कार्ड बनाने की कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से काम करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।

    बैठक में अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिला एवं प्रखंड स्तर के आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    वंचित परिवारों तक जाएंगे विकास मित्र

    डीएम ने कहा कि जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी से ऐसे लोगों की सूची प्राप्त करने तथा विकास मित्रों के माध्यम से महादलित टोलों सहित अन्य छूटे हुए पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया।

    जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मुखिया, वार्ड सदस्य, पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्यों के सहयोग से पंचायतवार वंचित लाभुकों की सूची तैयार करने को कहा।

    साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पंचायतों में माइकिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार समय पर आवेदन कर सकें।

    पंचायत के कर्मचारियों का सहयोग 

    राशन कार्ड निर्माण प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक पंचायत में नोडल पदाधिकारी नामित किए जाएंगे। इस कार्य में पंचायत सचिव, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक, आवास पर्यवेक्षक तथा मनरेगा के पंचायत तकनीकी सहायक की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पात्रता की जांच एपी कलेक्ट प्रणाली के माध्यम से की जाएगी।

    खबरें और भी

    डीएम ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गंभीरता से कार्य करने और तय समय सीमा के भीतर सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रशासन का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से हजारों जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न सुरक्षा योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।

    यह भी पढ़ें- Ration Card: नालंदा में नया राशन कार्ड बनवाना आसान, पंचायत स्तर पर लगेगा शिविर

    यह भी पढ़ें- Ration Card: वैशाली में 1 लाख नए राशन कार्ड बनाने का मिशन, 30 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन