Ration Card: वैशाली में 1 लाख नए राशन कार्ड बनाने का मिशन, 30 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
मुख्य सचिव की समीक्षा के बाद वैशाली जिले में 1 लाख से अधिक नए राशन कार्ड बनाने का अभियान शुरू हो गया है। पात्र लाभार्थी 30 जुलाई तक स्मार्ट पीडीएस पोर ...और पढ़ें

राशन कार्ड। फाइल फोटो
HighLights
वैशाली में 1,03,707 नए राशन कार्ड का लक्ष्य।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई।
स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन करें।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) एवं नए राशन कार्ड निर्गमन की प्रगति को लेकर सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य सचिव के निर्देश पर डीएम वर्षा सिंह ने ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को मिशन मोड में अभियान चलाते हुए प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों के आवेदनों का त्वरित निष्पादन, आवश्यक दस्तावेजों का समयबद्ध सत्यापन तथा राशन कार्ड निर्गमन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभ से वंचित नहीं रहे।
मिशन मोड में होगा काम
डीएम ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने सभी योग्य नागरिकों का राशन कार्ड बनाने के लिए मिशन मोड में अभियान चलाया है।
खबरें और भी
वैशाली जिले में 1,03,707 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सरकार ने स्मार्ट पीडीएस पोर्टल शुरू किया है, जिसके माध्यम से लाभुक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डीएम ने आम नागरिकों से 30 जुलाई तक आनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आवेदन स्वयं मोबाइल, साइबर कैफे अथवा पंचायत भवन में कार्यरत कार्यपालक सहायक के माध्यम से किया जा सकता है।
आवेदन के लिए आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक तथा पारिवारिक फोटो आवश्यक होंगे।
यह भी पढ़ें- बिहार के 8700 छात्र-शिक्षक AI ट्रेनिंग के लिए जाएंगे गुजरात, सरस्वती विद्या निकेतन बनेंगे मॉडल स्कूल