680 करोड़ के हरिहरनाथ कॉरिडोर के लिए शुरू हुआ सर्वेक्षण; सोनपुर में मेगा प्रोजेक्ट की शुरुआत
सोनपुर में 680 करोड़ रुपये की हरिहरनाथ कॉरिडोर परियोजना के लिए भूमि सर्वेक्षण शुरू हो गया है, जिसका उद्देश्य बाबा हरिहरनाथ धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक ...और पढ़ें

हरिहरनाथ धाम कॉरिडोर के लिए भूमि सर्वेक्षण शुरू। सांकेतिक तस्वीर
राहुल, नयागांव (सारण)। बाबा हरिहरनाथ धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
राज्य सरकार की 680 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी हरिहरनाथ कारिडोर परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए अंचल प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भूमि सर्वेक्षण एवं सीमांकन का कार्य शुरू कर दिया है।
वर्तमान में छह अमीनों की टीम प्रस्तावित काॅरिडोर क्षेत्र में आने वाली जमीनों की पैमाइश, सीमांकन, अभिलेखों के सत्यापन और वास्तविक स्थिति के मिलान में जुटी हुई है।
सर्वेक्षण के बाद प्रोजेक्ट को मिलेगी गति
अधिकारियों का कहना है कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया को गति मिलेगी। काॅरिडोर को लेकर मंदिर क्षेत्र में लगातार प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।
भूमि से संबंधित अभिलेखों का मिलान, नक्शों की जांच तथा राजस्व रिकार्ड के सत्यापन का कार्य समानांतर रूप से चल रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रस्तावित क्षेत्र का स्पष्ट नक्शा तैयार हो, जिससे आगे किसी प्रकार की कानूनी या तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
अगले चरण में भूमि अधिग्रहण समेत अन्य प्रक्रिया
अधिकारियों के अनुसार सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही परियोजना के अगले चरण, जैसे भूमि अधिग्रहण, मुआवजा निर्धारण और निर्माण संबंधी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बाबा हरिहरनाथ मंदिर सोनपुर की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला विश्वविख्यात सोनपुर मेला देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।
इसके बावजूद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पार्किंग, चौड़ी पहुंच सड़क, सुचारु यातायात, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थल और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर दर्शन व्यवस्था जैसी कई आधारभूत सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जाती रही है।
काॅरिडोर परियोजना के माध्यम से इन सभी व्यवस्थाओं को आधुनिक स्वरूप देने की योजना है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और मंदिर परिसर का समग्र विकास हो सके।
हालांकि भूमि सर्वेक्षण का कार्य प्रशासन के लिए आसान नहीं माना जा रहा है। मंदिर के आसपास का इलाका घनी आबादी, पुराने मकानों, छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों और निजी स्वामित्व वाली जमीनों से घिरा हुआ है।
सर्वेक्षण में विशेष सावधानी का निर्देश
कई स्थानों पर पुराने राजस्व अभिलेख और वर्तमान स्थिति में अंतर मिलने की संभावना भी बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन सर्वेक्षण प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने पर जोर दे रहा है, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और स्थानीय लोगों का विश्वास बना रहे।
काॅरिडोर परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह के साथ-साथ कुछ अपेक्षाएं भी हैं। लोगों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र का विकास समय की आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ वर्षों से यहां रह रहे परिवारों, छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों के हितों की भी पूरी सुरक्षा होनी चाहिए।
यदि किसी को विस्थापित होना पड़े तो उचित मुआवजा, पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रशासन भी सर्वेक्षण के दौरान इन पहलुओं पर विशेष ध्यान दे रहा है।
लोगों का मानना है कि हरिहरनाथ काॅरिडोर के निर्माण से सोनपुर धार्मिक पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूत पहचान बना सकेगा।
होटल, धर्मशाला, परिवहन, प्रसाद, फूल-माला, पूजा सामग्री और अन्य स्थानीय कारोबारों को नई गति मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा इस परियोजना को प्राथमिकता दिए जाने और सरकार से 680 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद अब जमीन स्तर पर शुरू हुई प्रशासनिक कवायद को परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है।