नेपाल में चमका बिहार का सितारा, कराटे चैंपियनशिप में सोनपुर के रितेश ने जीता स्वर्ण पदक
नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 12वीं माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप-2026 में सोनपुर के रितेश रंजन ने स्वर्ण पदक जीता। ...और पढ़ें

सोनपुर के रितेश ने जीता स्वर्ण पदक। (जागरण)
HighLights
रितेश रंजन ने नेपाल में जीता कराटे स्वर्ण पदक।
12वीं माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत का गौरव।
सोनपुर के खिलाड़ी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 12वीं माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप-2026 में सोनपुर के युवा खिलाड़ी रितेश रंजन उर्फ श्रृणु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सोनपुर के भरपूरा गांव निवासी रितेश ने कराटे के स्पर्धा में शुरुआत से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया।
तकनीकी कौशल, संतुलन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने लगातार मुकाबले जीतते हुए फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाड़ी को एकतरफा अंदाज में पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक रहा, जिससे भारतीय दल का उत्साह भी बढ़ा। रितेश की इस सफलता को खेल जगत में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
उनकी जीत ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश से आने वाले खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
रितेश, रंजीत प्रसाद श्रीवास्तव एवं अल्का कुमारी के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
यह भी पढ़ें- सीमित संसाधन, बड़ा सपना और ऐतिहासिक सफलता; बिहार के शुभम कैसे बने JEE Advanced टॉपर?