परिसीमन के बाद ही होंगे बिहार में पंचायत चुनाव, शिवहर में मंत्री दीपक प्रकाश ने किया बड़ा एलान
बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शिवहर में घोषणा की कि राज्य में पंचायत चुनाव परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे। ...और पढ़ें
-1785700342748_m.webp)
मंत्री दीपक प्रकाश। (जागरण)
HighLights
पंचायत चुनाव परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होंगे।
शिवहर में 15 पंचायत सरकार भवन पूर्ण, 17 निर्माणाधीन हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना से 7,810 लाइटें लगीं।
संवाद सहयोगी, शिवहर। दो दिवसीय दौरे पर शिवहर पहुंचे बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि बिहार में पंचायत चुनाव परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे।
जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत व्यवस्था को अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
प्रेस वार्ता में मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय, पंचायत सरकार भवनों के निर्माण तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि शिवहर जिले में 17 पंचायत सरकार भवन निर्माणाधीन हैं, जबकि 49 स्थलों पर भवन स्वीकृत किए जा चुके हैं। अब तक 15 पंचायत सरकार भवन पूर्ण हो चुके हैं।
इनमें 11 भवनों में आरटीपीएस केंद्र संचालित हैं तथा 7 पंचायत सरकार भवनों में आधार सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में 7,810 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं।
जनता पर नहीं लगेगा पंचायत टैक्स
पंचायतों में टैक्स के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में तय किया गया था कि पंचायतें भी आत्मनिर्भर बने। इसी सोच के धरातल पर उतारने की पहल है। जो नियमावली बनेगी उसमें स्थानीय स्तर पर कमेटी बनेगी।
आम जनता की आकांक्षा और मांग पर ध्यान रखा जाएगा। गांव का पैसा गांव के विकास पर खर्च किया जाएगा। सीधे टैक्स लगाने की बात नहीं है। व्यवसायिक इकाइयों से टैक्स लगाने का प्रावधान है।
आम जनता से कोई अतिरिक्त टैक्स नहीं लिया जाएगा। दस साल पूर्व स्वच्छता कर्मी व सफाई कर्मियों के भुगतान नहीं होने पर मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
19 पंचायतों का चयन
वहीं, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के लिए 19 पंचायतों का चयन किया गया है। मोक्ष धाम योजना के तहत जिले में 38 स्थलों की पहचान की गई है, जिनका प्राक्कलन तैयार कराया जा रहा है।
जिला परिषद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि शिवहर जिला परिषद के पास 126.94 एकड़ भूमि उपलब्ध है।
वर्ष 2025-26 में जिला परिषद को विभिन्न संसाधनों से 1 करोड़ 61 लाख 36 हजार 540 रुपये की आय प्राप्त हुई है। इसके अलावा जिला परिषद के अधीन 88 दुकानें संचालित हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेता ठाकुर धर्मेंद्र प्रसाद सिंह, जिला अध्यक्ष कल्याण पटेल, पूजा सिंह, हिमांशु पटेल, रामलोचन सिंह कुशवाहा, लोजपा (रा.) जिला अध्यक्ष विजय पांडे, हम पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, जदयू जिला अध्यक्ष कमलेश पांडे, विभागीय पदाधिकारी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।