Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीतामढ़ी में 125 निजी स्कूलों की मान्यता पर संकट, क्या छात्रों का भविष्य भी फंसेगा?

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 08:21 PM (IST)

    सीतामढ़ी के 125 निजी विद्यालयों की मान्यता यू-डायस कोड नहीं लेने के कारण खतरे में है। शिक्षा विभाग ने कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी न करने वाले व ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    HighLights

    1. सीतामढ़ी के 125 निजी स्कूलों की मान्यता रद होने का खतरा।

    2. यू-डायस कोड प्राप्त करना अब सभी निजी विद्यालयों के लिए अनिवार्य।

    3. यू-डायस कोड न लेने पर शिक्षा विभाग करेगा सख्त कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। जिले के निजी विद्यालयों के लिए अब यू-डायस कोड लेना अनिवार्य हो गया है। शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश दिया गया है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    जिले के 125 निजी विद्यालय, जिन्होंने अब तक यू-डायस कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी प्रस्वीकृति (मान्यता) रद होने का खतरा मंडरा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में ई-संबंधन पोर्टल पर 805 निजी विद्यालय पंजीकृत हैं।

    इनमें 136 विद्यालयों का नवीकरण (रिन्यूअल) नहीं होने के कारण उनका संचालन बंद माना जा रहा है। शेष 669 विद्यालयों में से 419 को यू-डायस कोड मिल चुका है, जबकि 125 विद्यालयों का प्रस्ताव विभाग द्वारा पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों की ओर से आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे कोड आवंटन की प्रक्रिया लंबित है।

    शिक्षा विभाग का कहना है कि कई विद्यालय संचालक लगातार उदासीन बने हुए हैं। बार-बार सूचना देने के बावजूद वे न तो आवश्यक कागजात जमा कर रहे हैं और न ही प्रक्रिया पूरी करने में रुचि दिखा रहे हैं।

    ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनकी प्रस्वीकृति रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। यू-डायस कोड किसी भी विद्यालय की आधिकारिक पहचान है।

    इसके माध्यम से विद्यार्थियों का आनलाइन डाटा, सरकारी योजनाओं का लाभ, छात्रवृत्ति, विभागीय सर्वेक्षण, आधार आधारित सत्यापन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है।

    बिना यू-डायस कोड के विद्यालयों का डाटा शिक्षा विभाग की प्रणाली में दर्ज नहीं हो पाता, जिससे प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य प्रभावित होते हैं।

    विभाग ने सभी लंबित विद्यालयों को अंतिम अवसर देते हुए जल्द से जल्द आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और यू-डायस कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। ऐसा नहीं करने वाले विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- Darbhanga News : स्नातक छात्राओं के डेटा अपलोड की अंतिम तिथि बढ़ी, भुगतान में देरी से परेशानी