Sitamarhi News : सड़क हादसे में मधुबनी के बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल
सीतामढ़ी में NH 227 पर हुए सड़क हादसे में मधुबनी के एक बाइक सवार युवक मुकेश झा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी रौशन झा घायल हो गया।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सीतामढ़ी में NH 227 पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
मधुबनी के मुकेश झा की मौके पर ही मौत।
एक अन्य युवक रौशन झा गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, सुरसंड (सीतामढ़ी)। सड़क पर सफर की एक चूक पलभर में जिंदगी पर भारी पड़ गई। एनएच 227 पर नवाही स्थित एसएसबी कैंप के समीप सोमवार की रात डाइवर्सन पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की।
एक की मौत, दूसरा घायल
मृतक की पहचान मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र के अवारी गांव निवासी गुना झा के पुत्र मुकेश झा के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान इसी गांव के तेज नारायण झा के पुत्र रौशन झा के रूप में की गई है। दोनों पल्सर बाइक से जा रहे थे।
सीतामढ़ी से भिट्ठामोड़ जा रहे थे युवक
भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल ने बताया कि मुकेश झा अपनी पल्सर बाइक से सीतामढ़ी से भिट्ठामोड़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नवाही स्थित एसएसबी कैंप के समीप एनएच 227 के डाइवर्सन पर हादसा हो गया। दुर्घटना के कारणों का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।
घायल को सदर अस्पताल किया रेफर
घटना की सूचना पर भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल, अपर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार, अवर निरीक्षक भवानी कुमारी और हर्षित गोयल सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर घायल रौशन झा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
स्वजन को दी गई सूचना
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक और घायल युवक के स्वजन को घटना की जानकारी दे दी गई है। स्वजन से आवेदन या फर्द बयान मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।