सुपौल में 5 KM लंबा बिजली तार चोरी, आधी रात को ट्रैक्टर पर आए थे 20-25 चोर; डर गए थे किसान
चोरों ने प्रतापगंज, सुपौल में तेकुना पंचायत से महदीपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर लगभग पांच किलोमीटर लंबी बिजली लाइन का थ्री-फेज तार चुरा लिया। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, प्रतापगंज (सुपौल)। थाना क्षेत्र में बिजली का तार चोरी होने की एक बड़ी घटना सामने आई है। तेकुना पंचायत से महदीपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर मिरचईया नदी के पश्चिम स्थित ट्रांसफार्मर से लेकर इमामपट्टी प्राथमिक विद्यालय (वार्ड नंबर 9) तक, लगभग पांच किलोमीटर लंबे क्षेत्र से सोमवार की रात चोरों ने थ्री-फेज बिजली का तार काट लिया।
खेतों में लगी फसल की रखवाली करने वाले किसानों के अनुसार, सोमवार रात चोर ट्रैक्टर और एक चार पहिया वाहन के साथ आए थे। उन्होंने बेहद सुनियोजित तरीके से बिजली लाइन का तार काटा और अपने साथ ले गए।
रात का अंधेरा होने के कारण किसान शुरुआत में तार चोरी की इस वारदात को ठीक से समझ नहीं पाए। साथ ही, तार काटने आए चोरों की संख्या 20-25 के करीब देखकर किसान डर भी गए थे।
मंगलवार सुबह जब किसान बिसुनदेव पासवान, कृष्णदेव पासवान, मंटू कुमार महतो और पवन प्रधान सहित अन्य लोग खेतों की सिंचाई करने पहुंचे, तब इस घटना का खुलासा हुआ। किसानों ने देखा कि खंभों पर लगे बिजली के तार पूरी तरह गायब हैं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी गई।
कनीय विद्युत अभियंता (जेई) अजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को मौखिक रूप से सूचित कर दिया गया है और विभाग की ओर से लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया की जा रही है।
जेई ने यह भी बताया कि इससे पहले भी प्रतापगंज-सुखानगर सड़क मार्ग पर करीब 10 बिजली खंभों से तार चोरी की घटना हो चुकी है, जिसका मामला थाने में दर्ज कराया गया था। लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं से बिजली विभाग की चिंता बढ़ गई है।
प्रभाव: इस बड़ी चोरी के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे किसानों का सिंचाई कार्य भी ठप हो गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- रेल नियमों की उड़ रही धज्जियां : सुपौल रेलवे स्टेशन पर खतरे से खेल रहे यात्री, ओवरब्रिज की बजाय पार कर रहे पटरी
यह भी पढ़ें- कोसी–सीमांचल में न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस को लेकर बढ़ी हलचल, फेरे बढ़ाने पर जोर