विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में टला बड़ा हादसा: कोसी नदी में पलटी नाव, बाल-बाल बचे सभी सवार यात्री

Published: Tue, 09 Jun 2026 10:29 PM (IST)

सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही में कोसी नदी में यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी ...और पढ़ें

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी। फोटो जागरण

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. सरायगढ़ में कोसी नदी में यात्रियों से भरी नाव पलटी।

  2. स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्री सुरक्षित बचाए गए।

  3. क्षमता से अधिक यात्री होने के कारण हुआ हादसा।

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सरायगढ़-बनैनिया कोसी नदी घाट पर मंगलवार की सुबह यात्रियों से भरी एक नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नाव नदी के पश्चिमी किनारे पर पहुंचने के बाद यात्रियों के उतरने के दौरान अचानक असंतुलित होकर पलट गई।

इस घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया तथा सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। किनारे पर पहुंचते ही एक साथ कई लोगों के उतरने के प्रयास से नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

पांच लोग डूबते-डूबते बचे

हादसे के दौरान पांच लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे, नदी के पानी में गिरकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य यात्रियों ने तत्काल नदी में उतरकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया। पानी से बाहर निकाले गए लोगों में जूही परवीन, बीबी रुमिता, बीबी नूरजहां, सकीना खातून तथा अमेरिका देवी शामिल हैं।

मौके पर पहुंचे अधिकारी 

नाव दुर्घटना की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी धीरज कुमार, प्रमुख विजय कुमार यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अच्युतानंद नित्यानंद भार्गव तथा भपटियाही थाना पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में जिला आपदा प्रबंधन विभाग के एडीएम, अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

अंचल अधिकारी द्वारा एनडीआरएफ को सूचना दी गई, जिसके बाद कमांडेंट पुष्कल छत्री के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम ने नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के एडीएम ने बताया कि नाव दुर्घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं तथा पानी में गिरे पांच लोगों को समय रहते बचा लिया गया।

इस बीच जिला पदाधिकारी सावन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। प्रशासन ने सभी नाव संचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर नहीं बैठाने का सख्त निर्देश दिया है।

प्रमुख विजय कुमार यादव ने बताया कि नाव पर अधिक संख्या में यात्रियों के सवार होने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी, लेकिन प्रशासन की सक्रियता से स्थिति शीघ्र सामान्य हो गई।

यह भी पढ़ें- भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष का फोन हुआ हैक, गृह मंत्री से मांगी रकम; बिहार के साइबर शातिर की निकली करतूत

यह भी पढ़ें- बिहार में शादी का झांसा देकर तीन साल तक महिला का यौन शोषण, मुजफ्फरपुर में ASI बर्खास्त




देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।