पटना से पूर्णिया जा रही बस की ट्रक से टक्कर, 11 यात्री घायल; 3 की हालत गंभीर
सरायगढ़, सुपौल में NH-27 पर एक भीषण सड़क हादसे में पटना से पूर्णिया जा रही यात्री बस सीमेंट लदे ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में 11 यात्री घायल हो गए, ...और पढ़ें

टक्कर के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। नेशनल हाइवे-27 पर रविवार की अल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पटना से पूर्णिया जा रही एक यात्री बस सीमेंट लदे ट्रक से टकरा गई।
दुर्घटना में कुल 11 यात्री जख्मी हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना प्रखंड क्षेत्र के पिपराखुर्द पंचायत स्थित एनएच-27 पर हुई। पटना से पूर्णिया जा रही बस में कुल 36 यात्री सवार थे। इसी दौरान राघोपुर से सिमराही की ओर विपरीत दिशा से आ रही सीमेंट लदी ट्रक से बस की आमने-सामने सीधी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस चालक उमेश कुमार (40), निवासी नौबतपुर, पटना को केबिन से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घायलों में पटना सिटी के दीपक जायसवाल (42), अररिया के ज्वाला राय (48), मो. सलीम (13), मो. दानिश (26), मो. अब्दुल कादिर (25), कटिहार के फलका निवासी बालेश्वर साह (47), खगड़िया के महेशखूंट निवासी अमित कुमार (50) तथा जहानाबाद के पप्पू कुमार (48) शामिल हैं।
सभी घायलों को तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भपटियाही में भर्ती कराया गया, जहां डा. शहनवाज आलम ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सक के अनुसार बस चालक उमेश कुमार, मो. अब्दुल कादिर और अमित कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया है।
भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। एनएचएआई की क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं।
उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह भी पढ़ें- वाल्मीकिनगर पहुंचे सीएम नीतीश, कई योजनाओं का निरीक्षण और उद्घाटन कुछ ही देर में
यह भी पढ़ें- निशांत के लिए पटना में सत्याग्रह; महिलाओं ने कहा-किसी और पर भरोसा करना मुश्किल