न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस के बढ़ाए जाएं फेरे, कोसी और सीमांचल लोगों ने उठाई मांग
कोसी, सीमांचल और मिथिलांचल के लोगों ने न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने की मांग की है। ...और पढ़ें

अमृत भारत एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग तेज। (जागरण)
HighLights
अमृत भारत एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने की मांग।
वर्तमान में एक दिन संचालन से टिकट मिलने में परेशानी।
तीन दिन चलने से लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ।
संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के बीच संचालित 14663/14664 अमृत भारत एक्सप्रेस को सप्ताह में मात्र एक दिन के बजाय कम से कम तीन दिन चलाने की मांग कोसी, सीमांचल और मिथिलांचल क्षेत्र के लोगों द्वारा की जा रही है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, यात्रियों, व्यापारियों एवं रेल यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन के फेरे बढ़ने से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और पूर्वोत्तर भारत से लेकर पंजाब तक आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
लोगों का कहना है कि वर्तमान में सप्ताह में केवल एक दिन इस ट्रेन के संचालन के कारण यात्रियों को टिकट मिलने में काफी परेशानी होती है।
त्योहारों, विवाह सीजन और अन्य विशेष अवसरों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है, जिससे लंबी प्रतीक्षा सूची की समस्या बनी रहती है। यदि इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाए तो यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी तथा यात्रा का दबाव भी कम होगा।
कोसी और सीमांचल क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यवसाय, शिक्षा एवं अन्य कार्यों के लिए पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में जाते हैं।
लोगों को मिलेगा लाभ
ऐसे में अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित एवं अधिक दिनों तक संचालन उनके लिए काफी लाभकारी साबित होगा। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि ट्रेन के अतिरिक्त फेरे शुरू होने से व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।
खबरें और भी
यात्रियों का यह भी कहना है कि इस ट्रेन के तीन दिन संचालन से न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, सुपौल, सहरसा, दरभंगा, समस्तीपुर सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। इससे पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्षेत्र के लोगों ने रेल मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और जनहित को देखते हुए 14663/14664 न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन सप्ताह में कम से कम तीन दिन किया जाए, ताकि कोसी, सीमांचल और मिथिलांचल के लाखों रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।