Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बाबा भीमशंकर की अभेद्य सुरक्षा: 500 मी पहले 'नो-व्हीकल जोन', वन-वे एंट्री प्लान लागू; लगेंगे 20 CCTV कैमरे

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 01:49 PM (IST)

    राघोपुर के धरहरा नगरी स्थित बाबा भीमशंकर शिवालय में श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. 500 मीटर पहले नो-व्हीकल जोन, पैदल मार्ग निर्धारित।

    2. सुरक्षा हेतु 20 अतिरिक्त हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।

    3. वन-वे एंट्री-एग्जिट, मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी।

    संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। प्रखंड क्षेत्र के धरहरा नगरी स्थित प्रसिद्ध देव स्थल बाबा भीमशंकर शिवालय परिसर में पावन श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर अनुमंडल एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है।

    लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और विधि-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रशासन द्वारा लगातार समीक्षा बैठकें और निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंदिर न्यास समिति के पदेन अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

    मंगलवार को किए गए निरीक्षण के बाद बुधवार की शाम एसडीएम ने एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सतेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी, मंदिर न्यास समिति के सचिव संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, बीस सूत्री अध्यक्ष डा. कमल प्रसाद यादव तथा स्थानीय गणमान्य के साथ बैठक कर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों पर कई अहम फैसले लिए।

    बैठक के तुरंत बाद सभी वरीय अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों, स्थानीय प्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसडीएम ने बताया कि इस बार सावन मेले की व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए कई बड़े बदलाव किए गए हैं।

    500 मीटर का नो-व्हीकल ज़ोन

    श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर से 500 मीटर पहले ही सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। इस 500 मीटर के दायरे को पूरी तरह पैदल मार्ग में तब्दील किया जाएगा। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पूरे परिसर में 20 अतिरिक्त हाई-रिज़ाल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

    खबरें और भी

    वन-वे इंट्री एवं एग्जिट प्लान

    श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रवेश केवल हाथी गेट से होगा, जबकि निकासी हाट वाले उत्तर द्वार से कराई जाएगी। भीड़ के दबाव को कम करने के लिए निकासी हेतु एक अतिरिक्त गेट का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि धक्का-मुक्की या जाम जैसी स्थिति पैदा न हो।

    प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पूरे सावन माह के दौरान मंदिर परिसर में 24 घंटे मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की गाडी तैनात रहेगी।

    बैरिकेडिंग व चेंजिंग रूम

    भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख प्रवेश मार्गों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण हेतु अलग-अलग कतारें होंगी। साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम का निर्माण भी कराया जाएगा। गणपतगंज, गद्दी, किसान चौक एवं डुमरी से मंदिर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों व प्रवेश द्वारों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

    खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर रहेगी पैनी नजर

    मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों और होटल संचालकों के लिए भी कड़े नियम लागू किए गए हैं, मेले में होटल, चाय-नाश्ते एवं खाद्य सामग्री की दुकान चलाने वाले सभी दुकानदारों को केवल कामर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग करने का सख्त निर्देश दिया गया है।

    होटलों और रेस्टोरेंट में बिक्री के लिए उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा नियमित जांच की जाएगी। बासी या मिलावटी खाना बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

    इस अवसर पर महेंद्र गुप्ता, दीपक चौधरी, नरेंद्र यादव, योगानंद गुप्ता, शिबू राम, मुखिया कमलेश साह, राघोपुर थाना के एसआइ मुकुल आजाद समेत भारी संख्या में पुलिस बल, मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

    प्रशासन की इस चुस्त-दुरुस्त तैयारी से श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार का सावन मेला पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहेगा।

    यह भी पढ़ें- अजगैवीनाथ धाम में हाईटेक होगी सुरक्षा व्यवस्था: मेला क्षेत्र में खुलेंगे 16 थाने, 'बोल बम' वेश में तैनात रहेगी पुलिस

    यह भी पढ़ें- सिवान: श्रावणी मेले को लेकर बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में बैरिकेडिंग शुरू, अरघा से होगा जलाभिषेक