वैशाली में छात्रों का आक्रोश: नीट पेपर लीक-लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर किया प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
हाजीपुर के बिदुपुर में छात्रों ने NEET पेपर लीक और दिल्ली-पटना में लाठीचार्ज के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद ...और पढ़ें
HighLights
NEET पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में मार्च।
छात्रों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। NEET पेपर लीक मामले और राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर व पटना में आंदोलनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में वैशाली जिले के बिदुपुर में गुरुवार को छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। संत कबीर महंत राम दयाल दास महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आक्रोश मार्च निकालकर केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन की शुरुआत बिदुपुर स्थित संत कबीर महंत राम दयाल दास महाविद्यालय परिसर से हुई। हाथों में बैनर-पोस्टर और मुंह पर नारों के साथ छात्र जुलूस की शक्ल में निकले और कॉलेज से होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बिदुपुर प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय पर पहुंचकर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की बात कही।
प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं को लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बताया। NEET पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच कराई जाए। इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।

नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। छात्रों का कहना था कि दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज ने पूरे देश के युवाओं में आक्रोश पैदा कर दिया है।
आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बिदुपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष भारद्वाज, थानाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए थे। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
खबरें और भी
आक्रोश मार्च में छात्र नेता और जिला परिषद क्षेत्र संख्या-31 के प्रतिनिधि राजा यादव भी बड़ी संख्या में छात्रों के साथ शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए राजा यादव ने कहा, "जब-जब नरेंद्र मोदी डरते हैं, तब-तब पुलिस को आगे कर देते हैं।" यह उनका राजनीतिक बयान है।
प्रदर्शन के अंत में छात्रों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को जिले से लेकर राज्य स्तर तक और व्यापक किया जाएगा। चेतावनी देने के बाद सभी छात्र शांतिपूर्वक अपने-अपने घरों को लौट गए।