Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में अब जमीन रजिस्ट्री हुई आसान, CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च की पेपरलेस डिजिटल सिस्टम

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 09:27 PM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में पेपरलेस डिजिटल निबंधन प्रणाली का शुभारंभ किया, जिससे भूमि रजिस्ट्री प्रक्रिया सुरक्षित, सरल और पारदर्शी बनेगी। य ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फाइल फोटो

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फाइल फोटो

    HighLights

    1. सीएम सम्राट चौधरी ने पेपरलेस डिजिटल निबंधन प्रणाली शुरू की।

    2. भूमि रजिस्ट्री प्रक्रिया अब सुरक्षित, सरल और पारदर्शी होगी।

    3. 75 वर्ष से अधिक उम्र के लिए होम रजिस्ट्रेशन सुविधा।

    जागरण संवाददाता, हाजीपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निबंधन कार्यालयों में आने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोग इतना टैक्स दे रहे हैं तो उनके लिए कम से कम चाय-पानी की व्यवस्था तो होनी ही चाहिए।

    उन्होंने कहा कि पेपरलेस निबंधन प्रणाली डिजिटल बिहार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे निबंधन प्रक्रिया सुरक्षित, सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी।

    अब आवेदकों को निबंधन से जुड़े दस्तावेज व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपसी बंटवारे और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए राज्य से बाहर रहने वाले लोगों को भी एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल निबंधन की सुविधा सुनिश्चित की जाए।

    नई व्यवस्था में भूमि की खरीद-बिक्री से पहले वास्तविक स्थिति की हो जाएगी पुष्टि नई व्यवस्था में भूमि की खरीद-बिक्री से पहले जीआइएस तकनीक और आनलाइन सत्यापन के माध्यम से भूमि की वास्तविक स्थिति की पुष्टि की जाएगी। इससे खरीदारों के हित सुरक्षित होंगे, विवादों में कमी आएगी तथा भूमि लेन-देन में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा।

    उन्होंने कहा कि नई डिजिटल प्रणाली के तहत भूमि निबंधन की पूरी प्रक्रिया आनलाइन और पेपरलेस होगी। कागजी कार्रवाई में कमी आने से समय की बचत होगी तथा लोगों को निबंधन कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी।

    खबरें और भी

    15 जुलाई से बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कालेजों की शुरुआत

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई से बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कालेजों की शुरुआत होगी, जिससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े करीब एक करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में 1100 रुपये की पेंशन राशि भेजी जाती है, जिससे उनके जीवन में बदलाव आया है। सरकार का मूल मकसद बिहार की समृद्धि का रास्ता बनाकर राज्य को आगे बढ़ाना है।

    डिजिटल रजिस्ट्रेशन सुविधा विकसित करने वाले सर्विस प्रोवाइडर से जुड़े लोग सम्मानित

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डिजिटल रजिस्ट्रेशन सुविधा विकसित करने वाले सर्विस प्रोवाइडर से जुड़े लोगों को सम्मानित किया।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जिला निबंधन कार्यालय, हाजीपुर में अत्याधुनिक डिजिटल एवं पेपरलेस निबंधन प्रणाली (होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम) के तहत होम रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी आनलाइन जांच, पेपरलेस निबंधन और जीआइएस तकनीक से स्थल निरीक्षण सहित चार महत्वपूर्ण सेवाओं का शुभारंभ किया।

    मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    इस दौरान उन्होंने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए होम रजिस्ट्रेशन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

    कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के पहले डिजिटल निबंधन की सेवा प्राप्त करने वाले हाजीपुर शहर के सांचीपट्टी मोहल्ला निवासी 83 वर्षीय अवधेश कुमार की निबंधन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री के समक्ष मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से विकसित पेपरलेस निबंधन प्रणाली पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

    आयु सीमा घटाकर कर दी गई है 75 वर्ष से अधिक

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले 80 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध के लिए होम रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्रस्तावित थी, लेकिन अब आयु सीमा घटाकर 75 वर्ष से अधिक कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों के सबका सम्मान-जीवन आसान को बढ़ाना तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।

    नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और नीतीश के समृद्ध बिहार की चर्चा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का संकल्प लिया है।

    हमारी सरकार इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। बाहर रहने वाले लोगों के लिए भी डिजिटल सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास और बुजुर्गों के आशीर्वाद से बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

    रामविलास पासवान को याद करते हुए की चिराग के कार्यों की प्रशंसा

    मुख्यमंत्री ने वैशाली की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और लोकतंत्र की जननी की धरती बताया। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के कार्यक्षेत्र के रूप में याद किया।

    यहां से लंबे समय तक देश के बड़े नेता रामविलास पासवान ने लगातार सेवा की। अब यहां से चिराग पासवान सांसद हैं। चिराग की प्रशंसा करते हुए सम्राट ने कहा कि वे भी विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात, चुनावी रणनीति पर चर्चा