हाजीपुर में चलती ट्रक में लगी आग, ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
हाजीपुर में बीएसएनएल गोलंबर के पास देर रात एक चलती ट्रक में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। ...और पढ़ें

ट्रक में लगी आग। (जागरण)
HighLights
हाजीपुर में चलती ट्रक में अचानक लगी आग।
चालक-उपचालक ने कूदकर सुरक्षित बचाई अपनी जान।
अग्निशमन दल ने लाखों के पंखे जलने से बचाए।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र के बीएसएनएल गोलंबर के समीप शुक्रवार की देर रात एक चलती ट्रक में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई।
समय रहते ड्राइवर-कंडक्टर के कूद कर अपनी जान बचाई। वहीं फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।
ट्रक पर लदा लाखों रुपये का पंखा जलने से बच गया, हालांकि आगे रखा कुछ पंखा जल गया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई गई है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार ट्रक चालक पटना से दरभंगा की ओर पंखा लोड कर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक के इंजन से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं।
आग की लपटें देख चालक और उपचालक ने तुरंत ट्रक रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते ट्रक का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। अग्निशमन अधिकारी एसआई विजेंद्र कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा दी गई, नहीं तो ट्रक पर लदा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो सकता था।
जल गया ट्रक का इंजन
आगलगी में ट्रक का इंजन जल गया। प्रारंभिक जांच में इंजन में आई तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया।
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों को बुलाया गया। दमकल की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक पर पंखा एवं अन्य इलेक्ट्रानिक सामान लदा हुआ था।