वैशाली में पुल पर बर्थडे का जश्न पड़ा भारी: पटाखेबाजी के दौरान भटका ध्यान, कार से टकराई बाइक; 3 दोस्त घायल
हाजीपुर के कच्ची दरगाह बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर देर रात बाइक और कार की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। कच्ची दरगाह बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर शनिवार देर रात पाया संख्या-60 के पास एक बाइक और मारुति कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक घायल हो गए।
घायलों में राज कुमार सिंह के 25 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार की पहचान हुई है। अन्य दो घायल उसके दोस्त बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। देर रात तक सभी का इलाज जारी था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले पुल पर करीब 10 युवक जन्मदिन मना रहे थे और पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान बाइक चालक का ध्यान पटाखों की ओर भटक गया। नियंत्रण खोने के बाद बाइक सामने से आ रही मारुति कार से टकरा गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार चालक अपनी लेन में था और उसकी कोई गलती नहीं थी। कार सवार खानपुर पकड़ी पंचायत के खपुरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पुल पर आवागमन बंद करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद लोग एक ही लेन से दोनों तरफ आ-जा रहे हैं। इसी वजह से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
लोगों की मांग है कि पुल पर सख्त बैरिकेडिंग और पुलिस की 24 घंटे निगरानी की जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। हादसे के बाद पुल पर कुछ देर अफरातफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
खबरें और भी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- वैशाली में नशे की खरीद-फरोख्त को लेकर खूनी संघर्ष: दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट-गोलीबारी, 3 लोग घायल