भारत की 160 साल पुरानी कंपनी की बड़ी जीत, SC ने दी राहत; 290 वर्ष पुराने इस कारोबारी समूह से जुड़ी है BBTCL
भारत के पुराने कारोबारी समूह वाडिया ग्रुप की कंपनी बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन (BBTCL) को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत ...और पढ़ें

1863 में हुई थी बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग कॉरपोरेशन की शुरुआत।
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे बर्मा को 4,655 करोड़ रुपये के लीज रेंट मामले में राहत दी।
अदालत ने कंपनी के खिलाफ अपनी पुरानी टिप्पणी वापस ली।
इस फैसले के बाद बॉम्बे बर्मा के शेयरों में 14% की तेजी आई।
नई दिल्ली। भारत के सबसे पुराने कारोबारी समूह वाडिया ग्रुप की कंपनी 'द बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड' (BBTCL) को कानूनी मोर्चे पर एक बड़ी जीत मिली है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी के खिलाफ दी गई अपनी एक पुरानी टिप्पणी को वापस ले लिया है, जिसमें 4,655 करोड़ रुपये के कथित लीज रेंट की वसूली की बात कही गई थी। यह कंपनी भारत के सबसे नामी और पुराने कारोबारी समूह वाडिया ग्रुप की है। इस समूह ने 1736 में सूरत से जहाज निर्माण का कारोबार शुरू किया था।
यह मामला तमिलनाडु के सिंगमपट्टी स्थित कंपनी के पूर्व चाय बागान से जुड़ा है। 29 मई, 2026 को एक आदेश पारित करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (CEC) की रिपोर्ट के आधार पर यह टिप्पणी की थी कि राज्य सरकार को बॉम्बे बर्मा से 4,655 करोड़ रुपये का लीज रेंट वसूलना बाकी है।
कंपनी ने दी थी चुनौती
BBTCL ने इस टिप्पणी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक 'इंटरलोक्यूटरी एप्लिकेशन' (IA) दायर की थी। इसमें कंपनी ने तर्क दिया कि मूल कानूनी मामला लीज रेंट के भुगतान से संबंधित था ही नहीं। इस बारे में कंपनी को इस भारी-भरकम राशि के संबंध में न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही कोई डिमांड नोटिस मिला। कंपनी यह भी कहा कि उसे अपना पक्ष रखने या इस कैलकुलेशन पर आपत्ति जताने का कोई अवसर नहीं दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट का ताजा फैसला
बॉम्बे बर्मा ने स्टॉक एक्सचेंज को दी फाइलिंग में बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 19 अगस्त, 2026 को अपने नए आदेश में कंपनी की दलीलों को स्वीकार कर लिया है। सर्वोच्च अदालत ने माना कि चूंकि 4,655.24 करोड़ रुपये की राशि कभी भी नोटिस का विषय नहीं रही और न ही कंपनी को सुनने के बाद इसे अंतिम रूप दिया गया था, इसलिए 29 मई के आदेश के पैराग्राफ 59 में की गई टिप्पणियों को वापस लेना (Recall) उचित है। कोर्ट ने साफ किया कि BBTCL की लीज रेंट देनदारी के संबंध में की गई वे टिप्पणियां अब प्रभावी नहीं रहेंगी।
ये भी पढ़ें - इस भारतीय ने फुटबॉल टीम के लिए खर्च कर डाले ₹91702 करोड़, दूध बिजनेस हुआ फेल; फिर बना ₹1.26 लाख करोड़ का मालिक
कंपनी द्वारा दी गई इस जानकारी के बाद बॉम्बे बर्मा के शेयरों में 27 अगस्त को तगड़ी तेजी आ गई और ये 14 फीसदी तक उछल गए।
