सर्च करे
Home
फोकस

Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Myntra CEO Resigns: कौन हैं लखनऊ की नंदिता सिन्हा? IIT से पढ़ाई, अमेरिकी कंपनी को चमकाया; अचानक इस्तीफा क्यों

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 08:43 AM (IST)

    वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली मिंत्रा की सीईओ नंदिता सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया है। लखनऊ में जन्मीं नंदिता ने IIT BHU और FMS दिल्ली से पढ़ाई की। उन्होंने ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. नंदिता सिन्हा ने मिंत्रा के CEO पद से इस्तीफा दिया।

    2. IIT BHU और FMS दिल्ली से की है पढ़ाई।

    3. मिंत्रा को ट्रेंडी फैशन डेस्टिनेशन बनाने में अहम योगदान।

    नई दिल्ली। भारतीय ई-कॉमर्स और फैशन उद्योग जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वॉलमार्ट (Walmart) के स्वामित्व वाले फ्लिपकार्ट (Flipkart) ग्रुप की ऑनलाइन फैशन कंपनी मिंत्रा (Myntra CEO Resign) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Myntra CEO Nandita sinha Resign) और 'फ्लिपकार्ट फैशन' की प्रमुख नंदिता सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया है। बिजनेस साइट मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक वह आने वाले हफ्तों में कंपनी से विदाई लेंगी।

    नंदिता सिन्हा को भारतीय ई-कॉमर्स सेक्टर के सबसे बेहतरीन बिजनेस लीडर्स में गिना जाता है। आइए जानते हैं लखनऊ की इस बेटी के शुरुआती जीवन से लेकर मिंत्रा की सफलता तक का पूरा सफर।

    कौन हैं नंदिता सिन्हा?

    नंदिता सिन्हा (Who Is Nandita Sinha) का जन्म उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुआ। उनके परिवार में कोई न कोई डॉक्टर, इंजीनियर था ही जिससे उन्हें बचपन से ही स्वतंत्र सोच और तर्कशीलता का माहौल मिला। उनकी मां एक फिजिक्स (भौतिकी) टीचर थीं, जिनका नंदिता के विश्लेषणात्मक (analytical) दृष्टिकोण को विकसित करने में बड़ा हाथ रहा।
    नंदिता एक ऐसी लीडर के रूप में जानी जाती हैं, जिन्होंने उपभोक्ताओं की जरूरतों को समझने और अनुशासन के बीच बेहतरीन तालमेल बिठाया।

    कितनी पढ़ी-लिखी हैं नंदिता सिन्हा?

    नंदिता सिन्हा ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई IIT BHU (अब IIT वाराणसी) से सिरेमिक इंजीनियरिंग (Ceramic Engineering) से की थी। उस दौर में बहुत कम महिलाएं इस क्षेत्र को चुनती थीं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (FMS) से मार्केटिंग और स्ट्रैटेजी में MBA किया।

    यहीं से बिजनेस स्ट्रैटेजी और कंज्यूमर बिहेवियर को लेकर उनकी नींव मजबूत हुई।

    यह भी पढ़ें- 12 साल बाद '₹' ने दोहराया इतिहास, एक दिन में इतनी बड़ी तेजी, रंग लाई RBI की कोशिश

    शुरुआती करियर और स्टार्टअप का अनुभव

    नंदिता ने अपने करियर की शुरुआत 'हिंदुस्तान यूनिलीवर' (HUL) में एक मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में की। यहां उन्होंने दफ्तर में बैठकर प्लानिंग करने के बजाय फील्डवर्क किया, ग्रामीण बाजारों में घूमीं और किराना स्टोर मालिकों से सीधी बातचीत की।

    खबरें और भी

    HUL के बाद वह 'ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज' (Britannia) में गईं, जहां उन्होंने मास-मार्केट ब्रांडिंग और बड़े पैमाने पर ऑपरेशन्स को समझा। कॉर्पोरेट में अपनी जगह पक्की करने के बाद, उन्होंने MyBabyCart नामक एक ई-कॉमर्स स्टार्टअप की सह-स्थापना की, जो बेबी और मैटरनिटी प्रोडक्ट्स बेचता था। हालांकि यह बहुत लंबा नहीं चला, लेकिन इससे उन्हें डिजिटल कॉमर्स, सप्लाई चेन और कस्टमर एक्विजिशन की गहरी समझ मिली।

    फ्लिपकार्ट के साथ 8 साल का लंबा सफर

    नंदिता साल 2013 में फ्लिपकार्ट से जुड़ीं और कंपनी में आठ साल से अधिक समय तक नेतृत्व की भूमिकाओं में रहीं। उन्होंने हेल्थ, ब्यूटी, FMCG, होम और फर्नीचर जैसे कई महत्वपूर्ण वर्गों (categories) का नेतृत्व किया। फ्लिपकार्ट की फ्लैगशिप सेल्स और कैटेगरी विस्तार में उनका अहम योगदान रहा।

    नंदिता सिन्हा का Myntra में सफर कैसा रहा?

    जनवरी 2022 में नंदिता सिन्हा ने मिंत्रा के CEO का पद संभाला। उनके नेतृत्व में मिंत्रा ने सिर्फ डिस्काउंट देने वाले प्लेटफॉर्म की अपनी छवि को बदलकर एक ट्रेंडी फैशन डेस्टिनेशन की पहचान बनाई। उनके कार्यकाल के दौरान मिंत्रा प्लेटफॉर्म पर इंटरनेशनल ब्रांड्स की संख्या 280 से बढ़कर 421 से ज्यादा हो गई। 6,000 से अधिक ब्रांड्स का पोर्टफोलियो तैयार हुआ। उनके नेतृत्व में 'ब्यूटी (सौंदर्य)' सेगमेंट मिंत्रा की सबसे तेजी से बढ़ने वाली कैटेगरी बन गया। वित्तीय वर्ष 2023 (FY23) में मिंत्रा का रेवेन्यू 4,375.3 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

    अब कौन लेगा नंदिता की जगह?

    नंदिता सिन्हा का अगला कदम क्या होगा, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में 'फ्लिपकार्ट फैशन' की प्रमुख और मिंत्रा की पूर्व मुख्य व्यवसाय अधिकारी (CBO) शेरोन पेस (Sharon Pais) को प्रमोट करके इस फैशन ई-कॉमर्स दिग्गज का नया लीडर बनाया जा सकता है। फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता ने इस मामले पर आधिकारिक बयान देते हुए कहा है, "हम बाजार की अटकलों पर टिप्पणी नहीं करते हैं।"