नेपाली 'मुकेश अंबानी': रिलायंस से भी पुराना ग्रुप, 32 देशों में फैला साम्राज्य; भारत के घर-घर में इनका ब्रांड
नेपाल के सबसे अमीर व्यक्ति बिनोद चौधरी, जिन्हें 'नेपाल का मुकेश अंबानी' कहा जाता है, का व्यापारिक साम्राज्य 32 से ...और पढ़ें

बिनोदी चौधरी को कहते हैं नेपाल का मुकेश अंबानी।
HighLights
बिनोद चौधरी नेपाल के एकमात्र अरबपति हैं।
उनका सीजी कॉर्प ग्लोबल 140 साल पुराना है।
वाई-वाई नूडल्स ब्रांड सीजी कॉर्प का है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। लगभग 45 बिलियन डॉलर की जीडीपी वाला भारत का पड़ोसी देश नेपाल इस समय कुदरत की तबाही का कहर झेल रहा है। पड़ोसी देश में आई इस बाढ़ की वजह से अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 1222 हो गई है। यह संख्या समय के साथ बढ़ती ही चली जा रही है। इस तबाही के बीच नेपाल के 'मुकेश अंबानी' की चर्चा हो रही है। आपको लग रहा होगा कि आखिर नेपाल के मुकेश अंबानी का मतलब क्या है, तो जवाब है कि नेपाल का सबसे अमीर आदमी।
जिस तरह से भारत के सबसे अमीर आदमी मुकेश अंबानी है, ठीक उसी प्रकार नेपाल में भी एक आदमी है, जिसका बिजनेस साम्राज्य 32 से ज्यादा देशों में फैला हुआ है। आइए जानते हैं कि आखिर नेपाल का मुकेश अंबानी है कौन?
कौन है नेपाल का मुकेश अंबानी?
नेपाल के सबसे अमीर व्यक्ति का नाम बिनोद चौधरी है। जिस प्रकार भारत में मुकेश अंबानी का नाम लिया जाता है, ठीक उसी प्रकार बिनोद चौधरी का नाम नेपाल में लिया जाता है। नेपाल की जीडीपी में उनकी कंपनी का बहुत बड़ा योगदान है।
बिनोद चौधरी CG कॉर्प ग्लोबल को चलाते हैं और खास बात यह है कि वह नेपाल के इकलौते अरबपति भी हैं। फोर्ब्स के अनुसार उनकी सबसे बड़ी संपत्ति नेपाल के नबिल बैंक और CG फूड्स (जो मशहूर वाई-वाई नूडल्स बनाती है) में कंट्रोलिंग हिस्सेदारी है।
रिलायंस से भी पुराना है यह बिजनेस ग्रुप
बिनोद चौधरी जिस CG Corp Global के मालिक है उसका इतिहास 140 साल से पुराना है। यानी इस मामले में बिनोद चौधरी का सीजी ग्रुप भारत की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस से भी पुराना है। रिलायंस को धीरूभाई अंबानी ने 1958 में की थी। मामूली शुरुआत के बावजूद, आज यह नेपाल का सबसे बड़ा बिजनेस ग्रुप है। इसका कारोबा दुनिया भर के 32 से ज्यादा देशों में फैला है। इस ग्रुप की 202 से ज्यादा कंपनियां हैं और करीब 261 से ज्यादा ब्रांड हैं।
यह भी पढ़ें- भारत के सबसे बड़े, हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई अरबपति... नंबर दो पर इस मुसलमान का कब्जा, एक पर कौन?
CG कॉर्प ग्लोबल की स्थापना 19वीं सदी (1870 के दशक) में भूरमल चौधरी ने एक टेक्सटाइल बिजनेस के तौर पर की थी। बाद में, 1968 में उनके पोते बिनोद चौधरी के नेतृत्व में इसे औपचारिक रूप से एक आधुनिक बिजनेस और मल्टीनेशनल कंपनी के तौर पर बढ़ाया गया।
होटल से लेकर रियल एस्टेट तक फैला है कारोबार
नेपाल के सबसे बड़े अरबपति बिनोद चौधरी का कारोबार होटल और रिसॉर्ट, शिक्षा, रियल एस्टेट, FMCG (खाने-पीने की चीज़ें), फाइनेंशियल सर्विस, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, सीमेंट, हाइड्रोपावर और EPC जैसे कई क्षेत्रों में फैला है। इस कंपनी का हेडक्वार्टर नेपाल की राजधानी काठमांडू में है।
इन्हीं का है वाई-वाई नूडल्स ब्रांड, भारत में चलता है सिक्का
वाई-वाई (Wai Wai) प्री-कुक्ड इंस्टेंट नूडल्स का एक मशहूर ग्लोबल ब्रांड है, जो चौधरी ग्रुप की CG कॉर्प ग्लोबल की कंपनी है। अपने खास लहसुन वाले, फ्राइड और उमामी (umami) स्वाद के लिए पहचाने जाने वाले वाई-वाई को सीधे पैकेट से निकालकर क्रंची स्नैक की तरह खाया जा सकता है या फिर कुछ ही मिनटों में सूप के साथ पकाकर भी खाया जा सकता है।
इस ब्रांड के बारे में उन्होंने फोर्ब्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा था- "मैं बस आटे से कोई प्रोडक्ट बनाना चाहता था और फिर मैंने इस प्रोडक्ट को चुना। बैंकॉक आते-जाते समय, मैंने बैगेज बेल्ट पर नूडल्स के कई कार्टन देखे और लोगों से पूछता था कि थाईलैंड से इतने सारे कार्टन क्यों आ रहे हैं? वे मुझे बताते थे कि लोगों को ये बहुत पसंद हैं। मुझे लगता है कि लोग इस प्रोडक्ट के साथ-साथ आगे बढ़े हैं। शुरुआत में, 'वाई-वाई' भारत में आसानी से नहीं मिलता था। आज भारत में हमारा मार्केट शेयर 20 परसेंट है।"
कितनी है नेपाल के सबसे बड़े अरबपति की नेटवर्थ?
फोर्ब्स की रियल टाइम ट्रैकिंग डेटा के अनुसार नेपाल के सबसे बड़े अरबपति बिनोद चौधरी की नेटवर्थ 2.1 बिलिय डॉलर है। भारतीय रुपयों में यह लगभग 20 हजार करोड़ रुपये होगी।
यह भी पढ़ें- गांव के लड़के ने बिना फंडिंग के बना डाली ₹100000 करोड़ की कंपनी, ऐसा होने पर अंबानी-अदाणी भी हो सकते हैं पीछे
