Gold Silver Price Crash: सोने-चांदी की कीमतों बड़ी गिरावट, तीन सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंचा गोल्ड
Gold Silver Price Crash: वैश्विक बाजार में कमजोरी के कारण दिल्ली में सोने की कीमतें ₹2,100 टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर ₹1.56 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गईं।

सोना ₹2,100 टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर पर।
HighLights
सोना ₹2,100 टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर पर।
चांदी ₹5,000 गिरकर दो सप्ताह के निचले स्तर पर।
वैश्विक कमजोरी, महंगाई की आशंकाओं से कीमतों पर दबाव।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। Gold Silver Price Crash: वैश्विक बाजार में कमजोरी के रुख के कारण बुधवार को राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार छठे सत्र में गिरावट जारी रही और यह 2,100 रुपये टूटकर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
तीन सप्ताह के निचले स्तर पर सोना
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार के 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 2,100 रुपये टूटकर लगभग तीन सप्ताह के निचले स्तर 1,56,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले छह कारोबारी सत्रों में इस कीमती धातु की कीमत में 11,000 रुपये की गिरावट आई है। 25 अगस्त को इसकी कीमत 1,67,100 रुपये दर्ज की गई(Gold Price Today) थी।
सोना आखिरी बार 14 अगस्त को मौजूदा स्तर के आसपास देखा गया था, जब इसकी कीमत 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, "बुधवार को कीमती धातुओं पर भारी बिकवाली का दबाव रहा और हाजिर सोना तीन सप्ताह से ज्यादा समय के निचले स्तर पर आ गया।"
चांदी की कीमतों में भी आई गिरावट
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट आई और यह 5,000 रुपये टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर 2,35,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई।
पिछले सत्र में चांदी 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। चॉइस ब्रोकिंग में जिंस एवं करेंसी विश्लेषक-तकनीकी शोध आमिर मकदा ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतें बढ़ी हैं और महंगाई तथा ब्याज दरें बढ़ने की आशंका पैदा हुई है, जिससे चांदी पर दबाव बढ़ा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या है सोने-चांदी का भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 25.24 डॉलर या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 4,303.12 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी लगभग एक प्रतिशत टूटकर 63.64 डॉलर प्रति औंस रह गई। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंकाओं के बीच हाजिर सोने की कीमतें दबाव में हैं।
