Yes Bank Q1 Results: मुनाफे में 34% का जबरदस्त उछाल, एसेट क्वालिटी में सुधार; सोमवार को शेयर पकड़ेगा रफ्तार?
Yes Bank Q1 Results: यस बैंक ने Q1 FY27 में ₹1,071 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 33.7% की वृद्धि है। बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार ...और पढ़ें

HighLights
यस बैंक का शुद्ध लाभ 33.7% बढ़कर ₹1,071 करोड़ हुआ।
बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार, GNPA 1.3% पर आया।
मूडीज सहित कई एजेंसियों ने यस बैंक की रेटिंग बढ़ाई।
नई दिल्ली। Yes Bank Q1 Results: निजी क्षेत्र के प्रमुख ऋणदाता यस बैंक (YES BANK) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) के शानदार नतीजे पेश किए हैं। बैंक द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति और इन्वेस्टर प्रेजेंटेशन के अनुसार, 30 जून 2026 को समाप्त हुई इस तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ (Net Profit) सालाना आधार पर लगभग 33.7% बढ़कर 1,071 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष की इसी तिमाही (Q1FY26) में बैंक का मुनाफा 801 करोड़ रुपये था।
बैंक के मुनाफे में जोरदार उछाल देखा गया है अब सोमवार को इसके शेयरों में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। शुक्रवार 17 जुलाई को यस बैंक का शेयर BSE पर 0.55% गिरकर 23.63 रुपये (Yes Bank Share Price) के स्तर पर बंद हुआ था। अब 20 जुलाई को इसमें तेजी देखने को मिल सकती है।
Yes Bank आय और मार्जिन में मजबूती
बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) में भी अच्छी बढ़त देखी गई है। यह सालाना आधार पर 17.5% बढ़कर 2,786 करोड़ रुपये रही। बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) भी सुधरकर 2.7% हो गया है, जो पिछले साल की समान तिमाही में 2.5% था। बैंक की कुल शुद्ध आय (Total Net Income) 11.2% की वृद्धि के साथ 4,584 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
यस बैंक एसेट क्वालिटी में ऐतिहासिक सुधार
यस बैंक के लिए सबसे बड़ी राहत उसकी एसेट क्वालिटी में निरंतर सुधार है। बैंक का ग्रॉस एनपीए (GNPA) अनुपात घटकर 1.3% पर आ गया है, जो एक साल पहले 1.6% था। वहीं, नेट एनपीए (NNPA) भी 0.3% से घटकर 0.2% रह गया है। बैंक का प्रोविजन कवरेज रेशियो (PCR) 81.7% रहा, जो बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
खबरें और भी
लोन और डिपॉजिट में ग्रोथ
ब्याज दरों में बदलाव के बावजूद, जमा राशि 14.3% (साल-दर-साल) बढ़कर ₹3,15,373 करोड़ हो गई और इसमें अच्छी बढ़त बनी रही। Q1FY2 में CASA अनुपात 32.7% रहा।
- कुल एडवांस (Advances): 18.3% बढ़कर 2,85,118 करोड़ रुपये हुए।
- कुल डिपॉजिट (Deposits): 14.3% की वृद्धि के साथ 3,15,373 करोड़ रुपये पर पहुंचे।
- CASA रेशियो: बैंक का कासा (CASA) अनुपात 32.7% रहा।
क्रेडिट रेटिंग में अपग्रेड
बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए कई वैश्विक और घरेलू रेटिंग एजेंसियों ने यस बैंक की रेटिंग में सुधार किया है। Moody’s ने बैंक की रेटिंग को Ba2 से अपग्रेड कर Ba1 कर दिया है। वहीं, CARE ने इसे AA+ और ICRA ने AA रेटिंग दी है। इसके अलावा, S&P Global ने बैंक को पहली बार BB+ की इंटरनेशनल रेटिंग दी है।
बैंक के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए यस बैंक के एमडी और सीईओ विनय एम. टोंसे ने कहा, "यस बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत बहुत मजबूती के साथ की है। हमारे मुनाफे में 34% की वृद्धि और एसेट क्वालिटी में सुधार हमारी बढ़ती ताकत का प्रमाण है। हमारा ध्यान भविष्य में भी मुनाफे को बनाए रखने और ग्राहकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने पर रहेगा।"
यह भी पढ़ें- Kotak Mahindra Bank Q1 Results: कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफा 26% बढ़कर हुआ ₹4123 करोड़, अनुमान से बेहतर रहे नतीजे
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)