'IPL के कारण मेरा करियर बर्बाद हुआ', इंग्लैंड के पूर्व कप्तान के दावे ने क्रिकेट जगत को हिलाया
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने हैरान करने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि आईपीएल वजह से उनका इंटरनेशल क्रिकेट करियर खत्म हो गया। ...और पढ़ें

केविन पीटरसन
HighLights
केविन पीटरसन ने किया हैरान करने वाला खुलासा
पीटरसन ने 33 साल की उम्र में लिया था संन्यास
आईपीएल को लेकर पीटरसन का बड़ा दावा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान केविन पीटरसन का दावा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के कारण उनका इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया। पीटरसन का मानना है कि उनके और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट के बीच मतभेद हो गए थे, जिसकी वजह से उनका करियर समय से पहले समाप्त हो गया। पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी ने 33 साल की उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
पीटरसन के इतनी कम उम्र में संन्यास लेने की खूब चर्चा हुई थी। उन्होंने इसके कारण का खुलासा अब किया है। उनका ये भी दावा है कि इंग्लैंड के खिलाड़ी, जो आज आईपीएल में खेल रहे हैं, इसका कारण वही हैं। उन्होंने अपने करियर का बलिदान दिया, जिसके परिणामस्वरूप ही आज आईपीएल में इंग्लैंड के खिलाड़ी खेलते हुए दिखाई देते हैं। बता दें कि उन्होंने जल्दी संन्यास लेकर सभी को हैरान कर दिया था।
केविन पीटरसन ने दिया बड़ा बयान
रणवीर अल्लाहबादिया के साथ पॉडकास्ट में बात करते हुए पीटरसन ने कहा, "इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने की इजाजत नहीं दी थी। बोर्ड के इस रुख की वजह से लंबे समय तक विवाद चलता रहा। इसकी वजह से मेरा इंटरनेशनल क्रिकेट करियर जल्दी समाप्त हो गया। मैंने बहुत त्याग किए हैं। मैंने अपना करियर खो दिया। इसी कारण की वजह से वहां पर हर कोई मेरे खिलाफ हो गया था।"
पूर्व इंग्लिश कप्तान ने आगे कहा, "जब मेरा इंटरनेशनल करियर समाप्त हुआ, तो मेरी उम्र 33 साल थी। मैंने 104 टेस्ट मैच खेले। मुझे 150-160 टेस्ट मैच खेलने चाहिए थे और 12-13 हजार रन बनाने चाहिए थे। मुझे यही हासिल करना चाहिए था। आज भी मुझे इसकी वजह से अधूरापन महसूस होता है।"
खबरें और भी
मेरे बलिदान की वजह से IPL खेल रहे इंग्लिश खिलाड़ी: पीटरसन
पीटरसन का मानना है कि उन्हें व्यक्तिगत तौर पर इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा। हालांकि, आज के समय में इंग्लैंड के खिलाड़ियों के लिए आईपीएल में खेलने का इसने रास्ता खोल दिया था। उन्होंने कहा, "मैंने कुछ समय पहले जोस बटलर का इंटरव्यू लिया था। उन्होंने मुझे धन्यवाद दिया था। मैंने जो बलिदान दिया था, उसका फल आज इन खिलाड़ियों को मिल रहा है।"