महिला एशिया कप में धमाल मचाने को तैयार भारतीय टीम, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भरी हुंकार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आगामी एशिया कप और एशियाई खेलों से पहले टीम के बढ़ते आत्मविश्वास पर जोर दिया है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से शानदार जीत दर्ज कर रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि यूएई में होने वाले एशिया कप और जापान में होने वाले एशियाई खेलों से पहले टीम में जीत का भरोसा मजबूत हो रहा है।
पिछले महीने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराकर वहां पहली बार महिला टेस्ट जीतने के बाद भारतीय टीम का अगला लक्ष्य एशिया कप टी-20 है। भारत इस टूर्नामेंट का रिकॉर्ड सात बार चैंपियन रह चुका है। इसके बाद टीम जापान में होने वाले एशियाई खेलों में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।
हमने लगातार अच्छा क्रिकेट खेला: हरमनप्रीत कौर
हाल ही में ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट में भारत को जीत दिलाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सोनी स्पोर्ट्स से कहा कि बेशक हमारी उम्मीद जीत की ही है। हमारी टीम बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच साल हमारे लिए अच्छे रहे हैं। हमने लगातार अच्छा और दबदबे वाला क्रिकेट खेला है। बड़ी टीमों को हराया है और सीरीज भी जीती हैं।
टीम जीत हासिल करने के लिए उत्सुक: हरमनप्रीत
हरमनप्रीत की अगुआई में भारतीय टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 270 रन से हराकर महिला टेस्ट क्रिकेट में रनों के अंतर से चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। हरमनप्रीत ने कहा कि हम लॉर्ड्स की जीत के बाद यहां आए हैं और लगातार कई मुकाबले जीते हैं। टीम सफलता का स्वाद चख चुकी है और अब और जीत हासिल करने के लिए उत्सुक है।
