Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भारत को हराने के लिए श्रीलंका ने बनाया सीक्रेट प्लान! कोच गैरी कर्स्टन ने टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को दी चेतावनी

    Updated: Fri, 14 Aug 2026 06:00 AM (IST)

    गैरी कर्स्टन ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका की रणनीति बताई, जिसमें अपनी ताकत पर ध्यान केंद्रित करना और भारतीय खिलाड़ियों के लिए विस्तृत ...और पढ़ें

    गैरी कर्स्टन (फोटो: SLC)

    गैरी कर्स्टन (फोटो: SLC)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    नितिन नागर, जागरण, नई दिल्ली। भारत के पूर्व कोच और श्रीलंका टीम के मौजूदा कोच गैरी कर्स्टन ने भारत के विरुद्ध शनिवार से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले अपनी रणनीति साफ कर दी है। कर्स्टन का मानना है कि श्रीलंका का ध्यान भारतीय टीम की कमजोरियां तलाशने से ज्यादा अपनी ताकत और रणनीति को सही तरीके से मैदान पर उतारने पर होना चाहिए।

    उन्होंने भारत के खिलाड़ियों के बारे में अपनी पुरानी जानकारी को भी कोई बड़ा रणनीतिक फायदा मानने से इन्कार किया। कर्स्टन ने बताया कि हमने भारत के प्रत्येक बल्लेबाज और गेंदबाज के विरुद्ध योजनाएं तैयार की हैं। कर्स्टन ने गुरुवार को चुनिंदा पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि आज के दौर में किसी भी खिलाड़ी के प्रदर्शन से जुड़ी काफी जानकारी आसानी से उपलब्ध है।

    श्रीलंका टीम पर पूरा ध्यान दे रहें हैं कस्टर्न

    भारत के किसी खिलाड़ी की पिछले 10 साल की हर गेंद देखी जा सकती है और भारतीय टीम भी श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बारे में ऐसी ही जानकारी रखती है। इसलिए असली अंतर इस बात से पड़ेगा कि मैच के दौरान खिलाड़ी अपनी रणनीति को किस तरह लागू करते हैं। भारत के अभ्यास मैच को करीब से देखने के बावजूद कर्स्टन ने भारतीय टीम का आकलन करने से परहेज किया।

    उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान श्रीलंकाई टीम पर है। भारत को बेहद सफल और गहराई वाली टीम बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रीलंका उसकी ताकत से पूरी तरह वाकिफ है और उसी के मुताबिक तैयारी कर रहा है।

    श्रीलंका ने किया है पूरा होमवर्क: गैरी कस्टर्न

    भारत के बल्लेबाजों के स्पिन के विरुद्ध हालिया प्रदर्शन को लेकर कर्स्टन ने किसी खास कमजोरी पर टिप्पणी करने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि उनका काम यह तय करना है कि श्रीलंका अपनी क्षमताओं का किस तरह इस्तेमाल कर सकता है। टीम ने भारत की संभावित कमजोरियों को समझने के लिए पूरा होमवर्क किया है, लेकिन मैच की परिस्थितियों के मुताबिक रणनीति बदलने के लिए भी तैयार रहना होगा।

    खबरें और भी

    कर्स्टन ने बताया कि श्रीलंका ने भारत के प्रत्येक बल्लेबाज और गेंदबाज के विरुद्ध ए, बी और सी योजनाएं तैयार की हैं। हालांकि, उनका मानना है कि टेस्ट मैच में परिस्थितियां लगातार बदलती हैं और ऐसे में योजनाओं को सही समय पर लागू करना सबसे महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि श्रीलंका सिर्फ स्पिन पर निर्भर नहीं रहेगा और तेज गेंदबाजी समेत अपनी सभी क्षमताओं का इस्तेमाल करेगा।

    किसी एक खिलाड़ी के इर्द-गिर्द नहीं होगी रणनीति

    कर्स्टन ने श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को विश्वस्तरीय गेंदबाज बताया और घरेलू परिस्थितियों में उनके शानदार रिकॉर्ड की तारीफ की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रीलंका की गेंदबाजी रणनीति किसी एक खिलाड़ी के इर्द-गिर्द नहीं होगी। उनके मुताबिक टीम के हर गेंदबाज का योगदान महत्वपूर्ण है।

    कस्टर्न ने की गौतम गंभीर की तारीफ

    गौतम गंभीर ने खुद को साबित किया गौतम गंभीर की कोचिंग की प्रशंसा करते हुए गैरी कर्स्टन ने कहा कि उनका रिकॉर्ड खुद उनकी क्षमता की गवाही देता है। कर्स्टन ने गंभीर को शानदार कोच बताया और विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी तथा आईपीएल में उनकी सफलता का जिक्र किया।

    कर्स्टन ने कहा कि जब गंभीर खिलाड़ी थे, तब उनके साथ काम करना उन्हें काफी पसंद था। उन्होंने गंभीर को बेहद समझदार क्रिकेटर बताया और कहा कि उन्हें उस समय ही अंदाजा था कि गंभीर आगे चलकर सफल कोच बन सकते हैं। उनके मुताबिक खिलाड़ी से कोच तक के सफर में गंभीर ने खुद को साबित किया है।

    डब्ल्यूटीसी के लिए ये सीरीज अहम

    विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिहाज से भारत के विरुद्ध इस सीरीज को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कर्स्टन ने कहा कि श्रीलंका को लंबे डब्ल्यूटीसी चक्र में घरेलू मैदान पर सफल होना होगा। उन्होंने कहा कि टेस्ट मैच एक सत्र में जीता या हारा जा सकता है और दो मैचों की सीरीज भी एक सत्र में हाथ से निकल सकती है। इसलिए पूरे मैच में एकाग्रता बनाए रखना बेहद जरूरी है। कर्स्टन ने कहा कि श्रीलंका का ध्यान केवल अंक तालिका पर नहीं है। टीम यह तय करना चाहती है कि वह किस तरह का क्रिकेट खेलना चाहती है और उसी शैली को लगातार मैदान पर लागू करना उसका लक्ष्य है।

    यह भी पढ़ें- श्रीलंका में शुभमन गिल के निशाने पर होंगे कई बड़े रिकॉर्ड्स, भारत के सभी कप्तानों को पीछे छोड़ करेंगे ऐतिहासिक कारनामा

    यह भी पढ़ें- IND vs SL: 'गौतम गंभीर की इतनी आलोचना क्‍यों? बहुत बढ़‍िया बंदा है वो', भारतीय हेड कोच के समर्थन में आए हरभजन सिंह