IND vs ZIM: पहली जीत मिलते ही गदगद हुए कप्तान श्रेयस अय्यर, वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में पढ़े कसीदे
श्रेयस अय्यर को भारत के कप्तान के तौर पर पहली जीत मिली है। इसके बाद अय्यर काफी खुश दिखाई दिए और उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है।

श्रेयस अय्यर-वैभव सूर्यवंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रेयस अय्यर को जिम्बाब्वे के खिलाफ बतौर कप्तान पहली जीत मिली है। इसके बाद अय्यर बहुत ही खुश दिखाई दिए। मेजबान जिम्बाब्वे को हरारे में बुरी तरह रौंदने के बाद अय्यर ने टीम की जमकर तारीफा की। उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी तारीफ की है। वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने करियर की पहली फिफ्टी लगाई।
सूर्यवंशी ने 18 गेंदों पर ही अर्धशतक पूरा किया और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने कमाल किया था। खासकर मयंक यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया था। उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी की, जिससे जिम्बाब्वे बड़ा स्कोर नहीं बना सका और भारत ने लक्ष्य को आसानी से चेज कर लिया। इसके बाद अय्यर बहुत खुश दिखे।
श्रेयस अय्यर ने जीत के बाद जताई खुशी
पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में बात करते हुए अय्यर ने कहा, "टीम ने एग्जीक्यूशन के मामले में बहुत ही जबरदस्त खेला और मुझे अपनी पहली जीत मिली। इससे ज्यादा खुश मैं नहीं हो सकता। मैं बाउंस का अंदाजा लगा रहा था और विकेट पर ठीकठाक बाउंस था, खासकर हार्ड लेंथ से। शुरुआत में ये बदल भी रहा था लेकिन दोनों पारी में उछाल समान था। मयंक यादव ने बहुत ही शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने सही लाइन और लेंथ से बॉलिंग की जिससे उन्हें रन बनाने का मौका नहीं मिला।"
भारतीय कप्तान ने जिम्बाब्वे के 125 रन बनाने को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, "हर टीम में एक बल्लेबाज ऐसा होता, जो टीम को पूरी ताकत के साथ आगे ले जाता है और अच्छा टोटल बनाता है। उन्होंने विकेट को अच्छे से पढ़ा और उसके बाद पार्टनरशिप बनाना शुरू कर दिया। मैं अपने गेंदबाजों को रोटेट करना चाहता था और चाहता था कि उन्हें अच्छी लय मिले क्योंकि यहां पर हम दो मैच और खेलने वाले हैं।"
श्रेयस अय्यर ने की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ
अय्यर ने वैभव की जमकर तारीफा की। उनका कहना है कि सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार पारी खेली थी, जिसकी वजह से उन्हें पिच का अच्छी तरह से अंदाजा था। अय्यर ने कहा, "उसकी बैटिंग बहुत बढ़िया थी। वो एक निडर खिलाड़ी है और जिस तरह से उसने इस पारी में खेला, वो शानदार था। यहां पर वो पहले भी खेल चुका है। इसी वजह से उसे विकेट का ठीक-ठाक आइडिया है। उसने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में यहां पर 175 रन बनाए थे। इस वजह से इस मैदान पर उतरने के बाद उसके अंदर बहुत आत्मविश्वास होता है।"
