'धोनी अपनी विरासत संजू को सौंपेंगे', भारत के पूर्व ऑलराउंडर ने माही के आखिरी सीजन पर भी दिया बड़ा अपडेट
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने तीन दिग्गजों विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी के खेलने के स्टाइल के बारे में बड़ा अपडेट दिया। ...और पढ़ें

एमएस धोनी
HighLights
आईपीएल 2026 हो सकता है एमएस धोनी का आखिरी सीजन
विराट और रोहित के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है
पठान ने एमएस धोनी के उत्तराधिकारी का कयास लगाया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर भारतीय क्रिकेट के तीन दिग्गज - एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा चर्चा के केंद्र में हैं। मगर इस बार सबसे ज्यादा निगाहें धोनी पर टिकी हैं, क्योंकि यह सीजन उनके उनका आखिरी हो सकता है।
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने जिओस्टार के शो आईपीएल टुडे लाइव में संकेत दिए कि चेन्नई टीम का मौजूदा कॉम्बिनेशन भविष्य की योजना का हिस्सा है, खासकर संजू सैमसन को टीम में शामिल करना। पठान ने कहा, 'संजू सैमसन वो खिलाड़ी हैं जिन्हें धोनी अपनी विरासत सौंपना चाहेंगे। सैमसन फ्रेंचाइजी का ऐसा चेहरा बन सकते हैं, जिनका फैंस से भी बराबर जुड़ाव हो।'
सैमसन ही क्यों?
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, 'हालिया समय के प्रदर्शन ने सैमसन को इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार बनाया है।' बता दें कि पिछले कुछ सीजन से धोनी के बल्लेबाजी क्रम पर सवाल खड़े हो रहे थे। एमएसडी निचलेक्रम में आकर केवल 12 या 13 गेंदों का सामना कर रहे थे।
इरफान पठान का मानना है कि धोनी जैसे खिलाड़ी के लिए यह भूमिका काफी सीमित है। पूर्व तेज गेंदबाज के मुताबिक, 'अगर धोनी खेल रहे हैं, तो उन्हें टीम के लिए ज्यादा जिम्मेदारी लेनी चाहिए और कम से कम 4-5 ओवर बल्लेबाजी करनी चाहिए। पिछले कुछ सालों में कुछ ऐसे मौके भी आए हैं जब धोनी मैच फिनिश नहीं कर पाए, जो पहले बहुत कम देखने को मिलता था।'
खबरें और भी
कोहली-रोहित में कौन रहेगा सबसे आगे?
पठान के साथ पैनल में शामिल आकाश चोपड़ा ने बताया कि धोनी, कोहली और रोहित में से कौन बेहतर प्रदर्शन कर सकता है? चोपड़ा के कहा, 'विराट कोहली इस रेस में सबसे आगे हैं। उनकी फिटनेस और निरंतरता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। ओपनर होने के कारण उन्हें लंबे समय तक बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है। वो इस वजह से लंबे समय तक दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं।'
चोपड़ा ने साथ ही कहा कि रोहित शर्मा भी ज्यादा रन बनाने के दावेदार हैं, लेकिन फिटनेस के मामले में कोहली उनसे थोड़ा आगे निकल जाते हैं।
हो सकता है एक युग का अंत!
आईपीएल सिर्फ एक और सीजन नहीं है, बल्कि यह बदलाव का संकेत भी हो सकता है। अगर यह सच में धोनी का आखिरी सीजन होता है, तो क्रिकेट जगत एक युग के अंत का गवाह बनेगा।
साथ ही, संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के रूप में भविष्य की नींव भी मजबूत होती दिख रही है। वहीं कोहली और रोहित जैसे दिग्गज अब भी यह साबित करने के लिए तैयार हैं कि अनुभव और फिटनेस का मेल आज भी खेल में सबसे बड़ी ताकत है।